

Puran Dawar Meeting With PM Modi: ताजनगरी के औद्योगिक जगत के लिए राजधानी दिल्ली से गौरव की खबर सामने आई है। आगरा के प्रमुख उद्योगपति और डावर ग्रुप के चेयरमैन पूरन डावर ने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आयोजित भारत-स्विट्जरलैंड के उच्चस्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलिन और उनकी पत्नी कैरोलिन पार्मेलिन के साथ मुलाकात हुई। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में आगरा के उद्योग जगत की मौजूदगी को शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलिन की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, नवाचार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। ऐसे महत्वपूर्ण राजनयिक एवं औद्योगिक आयोजन में आगरा के फुटवियर उद्योग का प्रतिनिधित्व करने वाले पूरन डावर की मौजूदगी ने ताजनगरी के औद्योगिक महत्व को भी रेखांकित किया।
पूरन डावर लंबे समय से आगरा के फुटवियर उद्योग को संगठित करने और उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 1994 में आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर की स्थापना में उनकी अग्रणी भूमिका रही। इस मंच के माध्यम से आगरा के फुटवियर निर्माताओं और निर्यातकों की समस्याओं को साझा मंच मिला तथा उद्योग से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने का अवसर मिला।
डावर ग्रुप के चेयरमैन के रूप में उन्होंने फुटवियर निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उनका जोर उद्योग को रोजगार, निर्यात और क्षेत्रीय आर्थिक विकास से जोड़ने पर भी रहा है।
पूरन डावर वर्तमान में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (DCFLI) के चेयरमैन हैं। इसके साथ ही वह मंत्रालय के बोर्ड ऑफ ट्रेड के गैर-सरकारी सदस्य भी हैं। इन जिम्मेदारियों के माध्यम से वह फुटवियर और लेदर उद्योग से जुड़े नीतिगत विषयों, निर्यात संवर्धन, औद्योगिक विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन समेत विभिन्न औद्योगिक और सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं।
भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों को भारतीय उद्योग और निर्यात क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) के तहत अगले 15 वर्षों में 100 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ऐसे में आधुनिक तकनीक, निवेश, डिजाइन, गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच भारतीय फुटवियर उद्योग के लिए नए अवसर पैदा कर सकती है। आगरा देश के प्रमुख फुटवियर उत्पादन और निर्यात केंद्रों में शामिल है, इसलिए वैश्विक औद्योगिक साझेदारी में बढ़ती संभावनाएं ताजनगरी के उद्यमियों के लिए भी अहम मानी जा रही हैं।
पूरन डावर का औद्योगिक सफर संघर्ष और परिश्रम से जुड़ा रहा है। देश के विभाजन के बाद उनके परिवार ने कठिन परिस्थितियों में आगरा में नए सिरे से जीवन की शुरुआत की। सीमित संसाधनों के बीच शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने कारोबार की शुरुआत की और धीरे-धीरे फुटवियर निर्माण एवं निर्यात के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित की।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पार्मेलिन के साथ एक ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगरा के उद्योगपति पूरन डावर की मौजूदगी न केवल उनके व्यक्तिगत औद्योगिक सफर की उपलब्धि है, बल्कि ताजनगरी के फुटवियर उद्योग के बढ़ते वैश्विक कद को भी सामने लाती है।