Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने एक बड़ी शर्त रख दी है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल के माध्यम से कहा कि बीएसपी पार्टी व मूवमेन्ट के हित के साथ-साथ खुद उनके परिवार एवं अपने दामाद आकाश आनन्द के भविष्य को ध्यान में रखकर अशोक सिद्धार्थ के पास अभी भी मौका है कि वे अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षा को त्याग कर व निजी स्वार्थ आदि से ऊपर उठकर राजनीति से पूरी तरह से संन्यास ले लें।
छात्रा व एक्टिविस्ट आकृति चौधरी की एनएसए हिरासत रद्द करने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को उत्तर प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। सॉलिसिटर जनरल (एसजी) तुषार मेहता ने सीजेआई सूर्यकांत की बेंच को बताया कि हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील दाखिल की जाएगी। दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आकृति चौधरी की एनएसए के तहत हिरासत को रद्द कर दिया था और 5 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया था।
सहारनपुर की मस्जिद के बाद अब अगला नंबर खरखौदा की मस्जिद के आने की संभावनाएं जताई जा रही है। जनपद मेरठ में अधिवक्ता राम कुमार शर्मा ने भी शाही जामा मस्जिद परिसर के नीचे प्राचीन बौद्ध मठ होने के दावे की वैज्ञानिक जांच की मांग की है। उन्होंने कमिश्नर और डीएम को प्रार्थना पत्र देकर विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी अविरल मिश्रा गोरखपुर विश्वविद्यालय में धरना कर रहे छात्रों को धमकाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिस अधिकारी कहते हुए दिख रहे हैं कि ये गोरखपुर पुलिस है, इतनी फोर्स बुलाऊंगा कि ठंडा हो जाओगे। वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाने में पुलिस द्वारा 4 लोगों को अवैध रूप से हिरासत में रखने के मामले को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गंभीरता से लिया है। सुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों के जवाब पर कोर्ट ने नाराजगी जताई। साथ ही पीड़ितों को 65 हजार रुपए का मुआवजा देने का भी निर्देश दिया। कोर्ट के आदेश में सबसे खास बात यह रही कि इस मुआवजे की पूरी रकम संबंधित SHO के सैलरी से वसूलने का आदेश है।
यूपी के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा की गुंडई का मामला सामने आया है। पिस्टल लेकर साथियों के साथ सराय बहलीम में फिरोज उर्फ भूरा देर रात असलम पहलवान के घर पहुंचा और धमकी दी। इस घटनाक्रम की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत और वीडियो फुटेज पुलिस को दी गई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शाम के समय भूरा को गिरफ्तार भी कर लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों, आशा वर्करों समेत कामकाजी महिलाओं को सम्मानित किया गया।
समाजवादी पार्टी का 12 सितंबर को बुलंदशहर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होना है। इस आयोजन से पहले हैलीपैड को लेकर सियासी हंगामा मच गया है। सम्मेलन से ठीक पहले समाजवादी पार्टी का 11 सितंबर को बुलंदशहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस है। लेकिन पार्टी के दौरे से पहसे हैलीपैड को लेकर विवाद गहरा गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम से पहले बुलंदशहर में हैलीकॉप्टर उतारने की जगह यानी हैलीपैड को ब्लॉक कर दिया गया है।
जाजमऊ में फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर पर 11 घंटे चली रेड में 11 लोग हिरासत में लिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान प्राइवेट गाड़ी से आरोपियों को भगाने के प्रयास और मीडिया से अभद्रता को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे हैं। कानपुर पुलिस ने सोमवार शाम को जाजमऊ के मदीना मस्जिद में तीन मंजिला अपार्टमेंट में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर में छापेमारी कर 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
साइबर ठगी के एक मामले में प्रयागराज पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि 60 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के शिकार परिवार से फ्रीज हुई रकम अदालत के आदेश के बाद वापस कराने के नाम पर विवेचक और एक सिपाही ने रिश्वत मांगी। पीड़ित परिवार का दावा है कि विवेचक को करीब 4.20 लाख रुपये दिए गए, लेकिन इसके बावजूद खाते में पूरी रकम वापस नहीं आई।