

Highlights:
बिहार के मोकामा से बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और उनके बीच बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है।
ऑडियो के मुताबिक, 2019 लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह ने ₹19 करोड़ खर्च किया था।
Anant Singh And Gunjan Singh Viral Audio: बिहार के मोकामा से बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और उनके बीच बातचीत का एक ऑडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
इस ऑडियो में इस बात का खुलासा हुआ है कि 2019 लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह ने मुंगेर से अपनी पत्नी निलम देवी को चुनाव मैदान में उतारा था, जिसमें चुनाव पर 19 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही जा रही है।
इस बात की चर्चा इसलिए हो रही है कि चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक, किसी भी लोकसभा उम्मीदवार को 95 लाख रुपये और विधानसभा चुनाव के लिए 40 लाख रुपये खर्च करने की सीमा तय की गई है। निर्धारित राशि से करीब 20 गुना ज्यादा पैसा खर्च करने के बाद भी अनंत सिंह की पत्नी निलम देवी चुनाव हार गईं थी।
बता दें कि बिहार के मुंगेर लोकसभा सीट से 2019 के चुनाव में जदयू नेता ललन सिंह के खिलाफ निलम देवी चुनावी मैदान में थी। जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बाद में अनंत सिंह और ललन सिंह के बीच रिश्ते बेहतर हो गए।
हालांकि, इस वायरल ऑडियो टेप की नवभारत लाइव पुष्टि नहीं करता है, लेकिन आवाज और बातचीत का अंदाज अनंत सिंह और गुंजन सिंह से मेल खाता हुआ प्रतीत हो रहा है। ऑडियो टेप को सुनने से यह साफ हो रहा है कि गुंजन सिंह और अनंत के बीच यह बातचीत 2024 लोकसभा चुनाव के मतदान होने के बाद और वोटों की गिनती से पहले की है।
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नवादा लोकसभा सीट से गुंजन सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें कुल 29682 वोट मिले थे और वह अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे।
गुंजन सिंह ने बातचीत की शुरुआत में मतदान के बाद अपनी हार-जीत की संभावना पर अनंत सिंह से रिपोर्ट ली। मजाकिया अंदाज में अनंत सिंह ने कहा कि तुम्हारी जमानत बचाना भी मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी अनुमान लगाया कि तुम्हें लाख वोट अगले जन्म में भी नहीं मिलेंगे।
अनंत सिंह ने गुंजन से कहा कि अगर 15-20 हजार वोट मिल जाएं, तो वह बहुत है।उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले ही कहा था कि पैसा बर्बाद मत करो। अनंत सिंह ने सलाह दी कि अब गिनती में पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है।
वायरल टेप के अगले हिस्से में गुंजन सिंह और अनंत सिंह चुनावी खर्च पर चर्चा करते हैं। नवादा में गुंजन सिंह भी बड़े खर्च की बात करते हैं, जिस पर अनंत सिंह जवाब देते हैं कि उन्होंने मुंगेर लोकसभा चुनाव (2019) में अपनी पत्नी के चुनाव पर 19 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
वह यह भी बताते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव खर्च के लिए केवल 8 लाख रुपये दिए थे। अंत में अनंत सिंह कहते हैं कि उन्हें गुंजन से लगाव है, इसलिए उन्होंने कहा था कि अगर टिकट मिले तो चुनाव लड़ना, नहीं तो मत लड़ना और पैसा बचा लेना।