

CM Yogi Statement During Varanasi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों, आशा वर्करों समेत कामकाजी महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति के जरिए प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को मजबूत किया गया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम जाने के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं होगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, जबकि आज यह संख्या बढ़कर लगभग 45 हजार हो गई है। पुलिस में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। महिला सशक्तिकरण के लिए तीन महिला पीएसी बटालियन वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी, ऊदा देवी और झलकारी बाई के नाम पर बनाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन का अवसर भी दे रही है। स्वयं सहायता समूहों से करीब 28 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में बदलाव आया है। अटल आवासीय विद्यालयों में बेटियों के लिए आधी सीटें और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के जरिए बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री का तालियों और गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।