हाईकोर्ट बोला- नाम में सुधार के लिए 3 साल समय सीमा जरूरी नहीं
रामपुर की नाहिदा बी के 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्रों में मां का नाम गलत दर्ज था
कोर्ट ने यूपी बोर्ड को एक महीने में नए प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया
Allahabad High Court: यूपी बोर्ड के प्रमाणपत्रों में माता-पिता के नाम की स्पेलिंग गलत है, तो उसे ठीक कराने के लिए तीन साल के अंदर आवेदन करना जरूरी नहीं है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक मामले की सुनवाई करते हुए यह साफ किया। कोर्ट ने कहा कि नाम की स्पेलिंग में गलती सुधारना और नाम बदलना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
यह मामला रामपुर की रहने वाली नाहिदा बी का है। उन्होंने 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्रों में अपनी मां का नाम ठीक कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की एकलपीठ ने यूपी बोर्ड को नाम की स्पेलिंग सुधारने और एक महीने के अंदर नए प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया।
नाहिदा बी के मुताबिक, स्कूल के रिकॉर्ड में उनकी मां का नाम ‘मेहरुनिशा’ लिखा है, जबकि यूपी बोर्ड के प्रमाणपत्रों में इसे ‘खैर उन निशा’ दर्ज कर दिया गया। दोनों जगह नाम अलग होने के कारण उन्होंने बोर्ड से गलती सुधारने की मांग की थी।
इसके लिए उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्य की ओर से दिए गए दस्तावेज और दूसरे जरूरी कागज भी जमा किए। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया।
याची के वकील ने कोर्ट में आनंद सिंह बनाम यूपी बोर्ड मामले का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के नाम की स्पेलिंग ठीक कराने के लिए तीन साल के अंदर आवेदन करने की शर्त जरूरी नहीं है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राज्य बनाम मो. समीर राव मामले का भी जिक्र किया। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में मां के नाम की स्पेलिंग गलती से गलत दर्ज हुई है। यह साफ तौर पर लिखने में हुई गलती है। ऐसे मामले में तीन साल की समय सीमा लागू नहीं होगी।
कोर्ट ने यूपी बोर्ड को निर्देश दिया कि नाहिदा बी के 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्रों में मां का नाम ‘खैर उन निशा’ की जगह ‘मेहरुनिशा’ किया जाए। बोर्ड को एक महीने के अंदर सही नाम वाले प्रमाणपत्र जारी करने होंगे।
कोर्ट ने साफ किया कि किसी का नाम बदलने और कागजों में पहले से दर्ज नाम की स्पेलिंग ठीक करने में फर्क है। इस मामले में सिर्फ रिकॉर्ड की गलती सुधारी जानी है।