घर में अचानक आग लगने के बाद सिलेंडर फटा
हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई
बगल के कमरे में सो रहा पति और दोनों बेटे बाल-बाल बचे
Shamli Fire Accident: शामली में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। घर में अचानक आग लगने के बाद सिलेंडर में धमाका हो गया। कुछ ही देर में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त परिवार के सभी लोग सो रहे थे। आग और धमाके के कारण कमरे की छत भी गिर गई, जिससे मां और बेटियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
बगल के कमरे में सो रहे महिला के पति और दोनों बेटे इस हादसे में बाल-बाल बच गए। उन्होंने आग बुझाकर मां और बेटियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे कमरे तक नहीं पहुंच सके। पड़ोस में लगे CCTV कैमरे में सिलेंडर ब्लास्ट की घटना कैद हुई है।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में रात करीब 12 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान किचन में शॉर्ट सर्किट हुआ और इसके बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।
धमाका इतना तेज था कि आग की लपटें घर से निकलकर गली तक पहुंच गईं। इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बगल के कमरे में सो रहे पति और दोनों बेटों की भी नींद खुल गई। तीनों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और कमरे में फंसी मां-बेटियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
इसके बाद करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कमरे की गिरी हुई छत के मलबे से मां शाहिदा (32) और उनकी बेटियों अदन (13) और माहिरा (11) के शव बरामद किए गए। आग की वजह से तीनों की मौत हो चुकी थी।
बाबरी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह सिलेंडर ब्लास्ट सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।