

कौवे को पतंग की डोर से कराया मुक्त
24 घंटे सेवा में तैनात रहते हैं दमकल कर्मी
साबित किया कि हर जीवन है अनमोल
Fire Brigade Heroic Rescue: लखनऊ में दमकल विभाग ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। आमतौर पर आग लगने, इमारतों में फंसे लोगों को निकालने या ऊंचाई पर फंसे लोगों की मदद के लिए पहुंचने वाला दमकल विभाग इस बार एक बेजुबान पक्षी की जान बचाने के लिए मौके पर पहुंचा। पतंग की डोर में उलझकर पेड़ पर फंसे एक कौवे का फायर ब्रिगेड के जवानों ने सफल रेस्क्यू किया।
यह पूरा मामला लखनऊ के लालबाग क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, एक कौवा पेड़ पर पतंग की डोर में फंस गया था। डोर में उलझने के कारण वह पेड़ से नीचे नहीं उतर पा रहा था। पेड़ की ऊंचाई अधिक होने के चलते उसे सुरक्षित निकालना भी आसान नहीं था। स्थानीय लोगों की नजर जब पेड़ पर फंसे कौवे पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देर किए मौके पर पहुंच गई। कौवे को सुरक्षित निकालने के लिए हाइड्रोलिक मशीन की मदद ली गई। दमकल कर्मियों ने सावधानीपूर्वक मशीन को पेड़ के पास पहुंचाया और ऊपर जाकर कौवे को पतंग की डोर से मुक्त कराया। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
दमकल विभाग का यह काम इसलिए भी खास है, क्योंकि उसकी जिम्मेदारी केवल आग बुझाने या इंसानों को संकट से निकालने तक सीमित नहीं है। कोई इमारत में फंसा हो, किसी ऊंची इमारत या टावर पर मदद की जरूरत हो या फिर कोई बेजुबान जानवर मुसीबत में हो, हर परिस्थिति में दमकल कर्मी सहायता के लिए तैयार रहते हैं।
दिन हो या रात, 24 घंटे सेवा में तैनात रहने वाले दमकल कर्मियों ने एक बार फिर साबित किया कि उनके लिए हर जीवन की अहमियत है। लालबाग में कौवे का यह रेस्क्यू भले ही एक छोटी घटना लगे, लेकिन यह विभाग की जिम्मेदारी, तत्परता और संवेदनशीलता को जरूर दर्शाता है।
फायर ब्रिगेड इससे पहले भी बेजुबान पक्षियों की मदद के लिए आगे आ चुका है। 4 अगस्त 2023 को लखनऊ के हजरतगंज इलाके में पतंग के मांझे में फंसे एक कौवे को दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई थी। घटना पार्क रोड स्थित कसमंडा अपार्टमेंट के पास की थी।