

अनुराग शुक्ला पर जानलेवा फायरिंग मामले का खुलासा
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की सुपारी दी थी
सिपाही प्रेमी समेत पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
Lucknow Husband Murder Plot Wife Lover arrest: लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में अनुराग शुक्ला पर हुई जानलेवा फायरिंग का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, अनुराग की पत्नी आशी मिश्रा ने अपने कथित प्रेमी नितिन राणा के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए 6 लाख रुपये में सुपारी तय की गई थी।
पुलिस ने इस मामले में आशी मिश्रा और उसके कथित प्रेमी नितिन राणा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नितिन उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी है और उसकी तैनाती लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइन में थी। वहीं, फायरिंग में शामिल मनोज राजपूत अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, आशी और नितिन की मुलाकात साल 2022 में एक लाइब्रेरी में हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। साल 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन इसके बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा।
पुलिस का कहना है कि आशी ने नितिन के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। इसमें मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और अन्य लोगों को शामिल किया गया। अनुराग की हत्या के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी।
पुलिस जांच के अनुसार, 26 अक्टूबर को आरोपी लखनऊ पहुंचे और अनुराग की गतिविधियों तथा आने-जाने के ठिकानों की रेकी की। इसके बाद 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक मातुल्य फास्ट फूड दुकान के बगल में अनुराग पर फायरिंग की गई।
हमले में अनुराग के दाहिने हाथ की बाजू में गोली लगी थी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, पहली कोशिश के बाद भी आरोपी दोबारा हत्या की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, नितिन ने दूसरी बार हत्या की योजना बनाने के लिए आरोपियों को मेरठ बुलाया था। इसके बाद डीसीपी उत्तरी की स्वाट और सर्विलांस टीम तथा अलीगंज पुलिस ने मेरठ के मलियाना फाटक के पास दबिश दी। यहां से मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और नितिन राणा को गिरफ्तार किया गया। मुख्य साजिशकर्ता बताई गई आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल और 1,360 रुपये बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल तमंचा अभी नहीं मिला है। आरोपियों ने उसे रास्ते में फेंकने की बात बताई है।
डीसीपी ने पुलिस टीम को दिया इनाम
मामले में बीएनएस की धारा 109 और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है। मयंक और शुभम के खिलाफ बागपत के बड़ौत थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी मनोज राजपूत की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी उत्तरी ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।