परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन
सआदतगंज इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को हटाने की मांग
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात
Triple Murder Shocks Lucknow: सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में हुए ट्रिपल मर्डर के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर मृतक शिवा तिवारी, उनके बेटे सुयश तिवारी और भाई शंभू तिवारी के शव घर पहुंच गए। तीनों शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर के बाहर रिश्तेदारों और परिचितों की भारी भीड़ जुट गई। शिवा तिवारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्व जिला सह कार्यवाह रह चुके थे। घटना की खबर सामने आने के बाद संघ से जुड़े लोग भी उनके घर पहुंचे। मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।
तीनों शव घर पहुंचने के बाद परिजनों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिवार के लोग मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सआदतगंज इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान डीसीपी भी मौके पर मौजूद रहे। इस बीच सआदतगंज इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को निलंबित किए जाने की सूचना सामने आई है। तीनों का अंतिम संस्कार गुलाला घाट पर किया जाएगा। ट्रिपल मर्डर के बाद एक ही परिवार से तीन अर्थियां उठने की खबर से इलाके में शोक का माहौल है।
मामले में शिवेंद्र की पत्नी रुचि तिवारी की तहरीर पर आरोपी ऋषभ शुक्ला, उसके पिता दिनेश शुक्ला, चाचा राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, मुन्ना बाबू और उसकी बहनों प्रीती, दिव्या व अदिति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। लखनऊ पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला और उसकी तीन बहनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की संलिप्तता की पड़ताल में भी जुटी है।
इस घटना से एक ही पल में परिवार की सारी खुशियों मातम में बदल गईं। सुयश की चाची रुचि तिवारी ने बताया कि सुयश की शादी होने वाली थी। परिवार में सुयश की शादी की तैयारियां चल रही थीं। 21 मई को सगाई, 20 नवंबर को उपनयन संस्कार और 5 दिसंबर को विवाह होना था। रविवार को उसकी देवाई की रस्म पूरी हुई थी।
परिवार के सभी लोग शहीद पथ के किनारे बिजनौर के माती गांव स्थित सुयश के ननिहाल गए थे, जहां धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। घर में शादी और दिवाली की खरीदारी के साथ तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं। परिवार का हर सदस्य नई खुशियों का बेसब्री से इंतजार कर रहा था लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने सब कुछ बदल कर रख दिया। जिस घर में कुछ दिनों बाद ही शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब तीन मौतों के बाद मातम पसरा है।