लखनऊ में ट्रिपल मर्डर से मचा हड़कंप; चबूतरा बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोगों की मौत

Lucknow Triple Murder: रियाजानी इलाके में चबूतरा बनाने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग से शम्भू, शिवेंद्र और सुयश की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Lucknow Triple Murder: Three Killed in Firing Over Platform Construction Dispute in Saadatganj
शम्भू, शिवेंद्र और सुयश की मौत(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • लखनऊ में चबूतरे के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग

  • शम्भू, शिवेंद्र और सुयश की दर्दनाक मौत

  • सहादतगंज थाना क्षेत्र में तीन लोगों की मौत से मचा हड़कंप

  • कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

  • आखिर विवाद को समय रहते क्यों नहीं रोका जा सका

Lucknow Triple Murder Case: राजधानी लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र के रियाजानी इलाके में चबूतरा बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। लगातार हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने से घायल शम्भू, शिवेंद्र और सुयश को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मामूली विवाद में तीन लोगों की जान चले जाने से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

किसी के सीने में लगी गोली, तो किसी के सिर को बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, फायरिंग में शम्भू के सीने में गोली लगी, जबकि शिवेंद्र और सुयश के सिर में गोली मारी गई। तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तीन मौतों की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही सआदतगंज समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद किए जाने की बात कही गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी नौसेना में जवान बताया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आने की जांच कर रही है।

Lucknow Triple Murder: Three Killed in Firing Over Platform Construction Dispute in Saadatganj
मथुरा: ऑनर किलिंग का आरोप, प्रेम विवाह करने वाली नाजिया की हत्या; भाई गिरफ्तार

दोनों पक्षों के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान ऋषभ ने पिस्टल से गोली चलाई। फायरिंग में तीन लोगों की मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया गया है।

डीसीपी पश्चिम

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। चबूतरा बनाने जैसे विवाद में आखिर हालात इतने बेकाबू कैसे हो गए कि मामला ताबड़तोड़ फायरिंग और तीन लोगों की मौत तक पहुंच गया? क्या विवाद को समय रहते सुलझाने या स्थिति को नियंत्रित करने की कोई कोशिश की गई थी? ऐसे कई सवाल हैं, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस ट्रिपल हत्याकांड में शामिल लोगों की पहचान कर लखनऊ पुलिस कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

तीन मौतें, कई सवाल

सहादतगंज की इस घटना ने एक बार फिर आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को सामने ला दिया है। तीन परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस खूनी संघर्ष के लिए जिम्मेदार कौन है और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

रिपोर्ट- ईशांक दीक्षित

Navbharat Live
navbharatlive.com