
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
उत्तर प्रदेश के लोगों की यात्रा सुविधा में अब बड़ी क्रांति आने वाली है। डबल इंजन सरकार प्रदेशवासियों को बड़ी सुविधा देने जा रही है। लखनऊ-कानपुर में सक्रिय ‘भारत टैक्सी’ मॉडल जल्द ही अन्य जिलों में पहुंचाने की तैयारी है। आने वाले समय में इस सुविधा को सभी 75 जिलों तक पहुंचाया जाएगा।
आगरा में जमीनों से जुड़े पुराने मालिकाना हक के मामले एक के बाद एक सामने आते दिखाई दे रहे हैं। कलेक्ट्रेट से सटी करीब 10 हजार वर्गगज जमीन को लेकर चल रहा विवाद अभी पूरी तरह थमा भी नहीं है कि अब जयपुर रियासत की आगरा स्थित करीब 100 बीघा जमीन और ऐतिहासिक संपत्तियों पर राजस्थान सरकार के दावे ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गाजियाबाद पुलिस की ओर से गुंडा एक्ट के तहत की गई कार्रवाई पर सख्त टिप्पणी की है। न्यायमूर्ति संदीप जैन की एकलपीठ ने अभिषेक त्यागी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 2/3 के तहत की गई कार्रवाई को रद्द कर दिया। कोर्ट ने राज्य सरकार को याची को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
गुरुग्राम में हिट एंड रन केस के बाद उत्तर प्रदेश में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास एक युवक द्वारा कार से युवती को टक्कर मारकर भागने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक शहनवाज अली उसका प्रेमी है।
दुर्दांत अपराधी विकास दुबे अब दस्तावेजों में भी खत्म हो गया है। एनकाउंटर में मारे जाने के बाद विकास दुबे का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हो सका था जिसके चलते कुख्यात अपराधी विकास दुबे हकीकत में तो मर गया था लेकिन दस्तावेजों ने उसे जिंदा कर रखा था।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दल संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। वहीं, आगरा में समाजवादी पार्टी के भीतर सामने आया विवाद पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करता नजर आ रहा है। यह साफ संदेश दे रहा है कि सपा में सब कुछ ठीक नहीं चला, यहां घमासान मचा हुआ है। मोनिका नाज खान ने शब्बीर अब्बास, रोहित उर्फ नासिर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
राम मंदिर निर्माण कार्य में खर्च होने वाले पैसों के अंतिम भुगतान का अब थर्ड पार्टी ऑडिट किया जाएगा। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में शामिल कंपनियों को अंतिम भुगतान से पहले बैंक गारंटी देनी होगी, ताकि आने वाले वर्षों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को जानकारी दी कि राज्य में आंदोलन के दौरान पंचायत सहायकों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आंदोलन के समय हटाए गए सहायकों की बहाली होगी। साथ ही, उनको हर महीने 9 हजार रुपए दिए जाएंगे।
यूपी में मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के अनुपालन में बुधवार की सुबह अवैध निर्माणों और व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ आवास विकास परिषद और पुलिस, प्रशासन का बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। बुधवार सुबह-सुबह ही भारी मात्रा में पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई आरंभ की गई।
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की सिकंदरा योजना में आवासीय प्रयोजन के लिए आवंटित भूखंड पर बिना स्वीकृत मानचित्र के हॉस्पिटल संचालित किए जाने के मामले में परिषद के प्रवर्तन दल ने बड़ी कार्रवाई की है। अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल के आदेश पर टीम ने अंजनी हॉस्पिटल को सील कर दिया।