चक्रवात अर्णव आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, 140 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Andhra Pradesh Cyclone Arnab Alert 2026: चक्रवात अर्णव आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। जानें दिल्ली, यूपी और बिहार के मौसम का हाल।
Andhra Pradesh Cyclone Arnab Alert 2026
आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्णव और 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्टसोर्स-एआई
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • चक्रवात अर्णव बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है।

  • तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 115–125 किमी/घंटा और झोंके 140 किमी/घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।

  • दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 20 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

Aaj Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'अर्णव' तेजी से ताकतवर हो रहा है और आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह तट से टकराने की आशंका है।

इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी के लिए अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में प्रशासन ने बचाव और राहत की तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 20 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवात अर्णव

भारतीय मौसम विभाग के सोमवार सुबह जारी सूचना के मुताबिक, चक्रवात अर्णव सुबह 5:30 बजे पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद था। उस समय यह विशाखापत्तनम से करीब 650 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था और 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा था।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, सोमवार आधी रात तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। मंगलवार तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।

Andhra Pradesh Cyclone Arnab Alert 2026
चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में अलर्ट, भारी बारिश के साथ तूफान मचा सकता है तबाही

140 KM/घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

बता दें कि चक्रवात के तट के पास पहुंचने के दौरान तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार दोपहर तक तूफान आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर सकता है। इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यनम के पास से गुजरने का अनुमान है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। वहीं, तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में राहत-बचाव की तैयारी तेज

चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने अधिकारियों को हर घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने और तटीय गांवों में रहने वाले लोगों तक लगातार चेतावनी पहुंचाने को कहा है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर राहत-बचाव अभियान चलाना है।

20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी दी है। इनमें दिल्ली, तमिलनाडु, केरल, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, झारखंड, असम और सिक्किम शामिल हैं।

कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में 27 अक्टूबर को कई जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट है। प्रयागराज, देवरिया, गोरखपुर, गाजीपुर, इटावा, कानपुर, फतेहपुर, बांदा, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, रायबरेली, ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में मौसम खराब रहने की आशंका है।

दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में भी 27 अक्टूबर को भारतीय मौसम विभाग के द्वारा भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। तो वहीं इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतनी चाहिए।

Andhra Pradesh Cyclone Arnab Alert 2026
Weather Today: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान, 3 राज्यों में स्कूल-कॉलेज बंद; 7 राज्यों में अलर्ट जारी

बिहार के कई जिलों में तूफानी बारिश की आशंका

बिहार में भी 27 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, कटिहार, अररिया, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, किशनगंज, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, गया, सिवान, पटना, लखीसराय और बेगूसराय में मौसम खराब रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चक्रवात अर्णव के मजबूत होने और कई राज्यों में बारिश की चेतावनी के बीच तटीय इलाकों के साथ-साथ उत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम पर नजर बनी हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com