लखनऊ में दीपक कश्यप हत्याकांड का खुलासा
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी दीपक कश्यप की हत्या
पुलिस ने ज्योति को गिरफ्तार किया, प्रेमी मनोज फरार
Lucknow Deepak Kashyap Murder Case: लखनऊ में जानकीपुरम के ओरो सिटी के पास 17 नवंबर को मिले दीपक कश्यप के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, दीपक की हत्या उसकी पत्नी ज्योति ने अपने दोस्त मनोज के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने ज्योति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मनोज फरार है। घटना में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को ओरो सिटी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान सीतापुर निवासी दीपक कुमार कश्यप के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद दीपक के भाई रामू कश्यप की शिकायत पर जानकीपुरम थाने में ज्योति और अन्य के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में ज्योति ने बताया कि उसकी दीपक से 2023 में शादी हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। ज्योति की एक छह साल की बेटी और दीपक की पहली शादी से तीन बच्चे थे। शादी के बाद परिवार गुडंबा क्षेत्र में ज्योति के माता-पिता के साथ रहता था।
करीब डेढ़ साल पहले दीपक अलीगंज स्थित CMS स्कूल में ड्राइवर और ज्योति आया का काम करने लगी। इसके बाद दोनों स्कूल के पास किराए के कमरे में रहने लगे। ज्योति का आरोप है कि दीपक शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और उसे भी शराब पीने के लिए मजबूर करता था।
यूपी पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले ज्योति की पहचान दीपक के दोस्त मनोज से हुई। दोनों के बीच बातचीत और मिलना-जुलना शुरू हो गया। ज्योति ने अपनी परेशानियां मनोज को बताईं। करीब 15 दिन पहले उसने मनोज से दीपक को लेकर फिर शिकायत की। इसके बाद दोनों ने दीपक की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात ज्योति ने तबीयत खराब होने और डॉक्टर के पास जाने की बात कहकर मनोज को बुलाया। मनोज अपनी बाइक से पहुंचा और तीनों ओरो सिटी के पास गए। वहां उल्टी करने के बहाने ज्योति नीचे उतरी। आरोप है कि इसी दौरान उसने पीछे से दीपक के सिर पर ईंट से हमला किया। इसके बाद मनोज के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और दोनों वहां से भाग गए।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ज्योति की पहचान की। जानकीपुरम पुलिस और डीसीपी उत्तरी की स्वाट-सर्विलांस टीम ने उसे छुईयापुरवा में एक ठेके के पास से गिरफ्तार किया।
फरार आरोपी मनोज सीतापुर का रहने वाला है और CMS अलीगंज स्कूल में वैन चालक के रूप में काम करता था। लखनऊ पुलिस उसकी तलाश कर रही है।