

हाथरस में शादी समारोह की खुशियां मातम में बदली
तेज रफ्तार बस की चपेट में आया टेंपो, 4 लोगों की मौत
हादसे में कई लोग घायल, मारने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य
Sikandrarao Accident Four People Death: हाथरस में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब रिश्तेदारी में जा रहे एक परिवार का टेंपो तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव बिलहार के पास हुए हादसे में मां-बेट समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में दो महिलाएं और एक पांच साल का बच्चा भी शामिल है।
हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिवार और रिश्तेदारों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, टेंपो में सवार सभी लोग सिकंदराराऊ में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गांव बिलहार के पास तेज रफ्तार निजी बस ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे में चार लोगों की मौत, कई घायल
हादसे में 40 वर्षीय छोटी पत्नी मुस्तकीम, 34 वर्षीय मोटी पत्नी रहीस, 20 वर्षीय शबीना पत्नी बबलू और पांच वर्षीय फहाद पुत्र बबलू की मौत हो गई।
वहीं, कमरजहां पुत्री मुस्तकीम, सनाया पुत्री रहीस और जूवी पुत्री बबलू समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग अलीगढ़ के थाना बरला क्षेत्र के नगला कसाब के रहने वाले थे। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर पहुंचते ही गांव में मातम छा गया।
हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की जान चली गई। परिवार में शादी समारोह को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे की खबर ने सब कुछ बदल दिया। एक साथ चार लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।
सूचना मिलने पर यूपी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है।