26/11 की बरसी पर हैदराबाद को दहलाने की साजिश, लतीफ भट की मौत का बदला लेने की धमकी; हाई अलर्ट पर पुलिस

Hyderabad Terror Threat: हैदराबाद में लश्कर-ए-तैयबा के नाम से मिले धमकी भरे पत्र में 26 नवंबर को मुंबई जैसे हमले की चेतावनी दी गई है। इसके बाद पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है।
hyderabad on high alert
सांकेतिक तस्वीरSource- AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • हैदराबाद में कथित धमकी भरे पत्र में दो बम धमाकों और 300 लोगों को निशाना बनाने की बात कही गई है।

  • पत्र में 26 नवंबर को 2008 के मुंबई आतंकी हमलों जैसी वारदात दोहराने की धमकी दी गई है।

  • धमकी के बाद रेलवे स्टेशन, होटल, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

Lashkar-e-Taiba Threat Letter: आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से एक धमकी भरा पत्र मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस पत्र में शहर के भीतर दो बम विस्फोट कर कम से कम 300 लोगों की जान लेने और 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों जैसी वारदात को उसी तारीख पर हैदराबाद में दोहराने की चेतावनी दी गई है।

लेटर में इस कथित साजिश को दक्षिण कश्मीर के लश्कर आतंकी लतीफ भट की मौत का प्रतिशोध बताया गया है, जिसे 18 नवंबर को कुलगाम के जंगलपोरा में सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में मार गिराया था।

hyderabad on high alert
वाह मजा आ गया, आतंकी लतीफ भट को मारने के बाद सुरक्षाबलों ने किया बल्ले-बल्ले; VIDEO हुआ वायरल

दो धमाकों और 26/11 जैसे हमले की चेतावनी

हैदराबाद सिटी के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (स्पेशल ब्रांच) द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में इस धमकी का विवरण साझा किया गया है। पत्र के अनुसार, धमकी भेजने वाले ने स्पष्ट रूप से शहर में दो बम धमाके करने की बात लिखी है, जिनका लक्ष्य कम से कम 300 लोगों को निशाना बनाना है। इसके अलावा, 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों की तर्ज पर उसी दिन हैदराबाद को दहलाने की भी धमकी दी गई है।

आतंकी लतीफ भट के एनकाउंटर का बदला की मंशा!

पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक, इस धमकी के पीछे दक्षिण कश्मीर में सक्रिय रहे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट की मौत का बदला लेने की मंशा जताई गई है। लतीफ भट 18 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगलपोरा क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हुआ था। पत्र में उसे लश्कर का आतंकी बताते हुए उसकी मौत का बदला लेने का जिक्र किया गया है।

hyderabad on high alert
लतीफ भट को नसीब नहीं हुई गांव की मिट्टी; बौखलाया पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने आतंकी को बताया शहीद

शहर भर में हाई अलर्ट

धमकी भरा खत सामने आने के बाद हैदराबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। काचीगुडा स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा और काचीगुडा रेलवे स्टेशन सहित शहर के सभी भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों, होटलों, रेलवे व बस स्टेशनों, धार्मिक केंद्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा घेरा और निगरानी तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं, वाहनों और किसी भी असामान्य गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। किसी भी संभावित खतरे को समय रहते विफल करने के उद्देश्य से गश्त बढ़ाने, तोड़फोड़-रोधी (एंटी-सैबोटेज) जांच करने और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के आदेश जारी किए गए हैं।