NEET पेपर लीक में बड़ा एक्शन, NTA के 3 विशेषज्ञों समेत 14 आरोपियों पर आरोप तय; 25 नवंबर से ट्रायल

NEET Paper Leak Case 2026: नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली कोर्ट ने 14 आरोपियों पर आरोप तय किए। 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई होगी। जानें NTA विशेषज्ञों पर क्या आरोप हैं।
NEET UG Paper Leak Case 2026
NEET पेपर लीक केस 14 आरोपियों पर आरोप तय, 25 नवंबर से रोजाना सुनवाईसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दिल्ली की विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने NEET-UG पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों पर आरोप तय किए।

  • सभी आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने से इनकार किया।

  • 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई होगी; CBI ने 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है।

Rouse Avenue Court CBI NEET Charge Sheet: नीट- यूजी 2026 पेपर लीक मामले में जांच के बाद अब कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने शनिवार को 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञ भी शामिल हैं।

सभी आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने से इनकार किया है। अदालत ने मामले की सुनवाई 25 नवंबर से रोजाना करने का फैसला किया है। सीबीआई की जांच में सामने आया है कि परीक्षा के प्रश्न गोपनीय अनुभाग से बाहर निकालने के लिए कथित तौर पर अलग-अलग तरीके अपनाए गए थे।

14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय

बता दें कि राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक अदालत ने NEET-UG पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक आरोप तय किए हैं। इनमें यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवालदार शामिल हैं। अदालत में सभी आरोपियों ने आरोपों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद कोर्ट ने 25 नवंबर से मामले में रोजाना सुनवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।

NEET UG Paper Leak Case 2026
एसएससी सीएचएसएल सिटी स्लिप 2026: परीक्षा शहर की जानकारी जल्द होगी जारी, जानें डाउनलोड का तरीका

सीबीआई ने दाखिल की 20 हजार पन्नों की चार्जशीट

इस मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने करीब 20 हजार पन्नों का आरोप-पत्र दाखिल किया है। एजेंसी ने जुलाई में अपनी पहली चार्जशीट पेश की थी, जिस पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने 12 अगस्त को संज्ञान लिया था।

जबकि, सीबीआई ने आरोप-पत्र में दावा किया है कि एनटीए के तीन विषय विशेषज्ञों ने परीक्षा के प्रश्नों को गोपनीय अनुभाग से बाहर निकाला था। जांच एजेंसी के अनुसार, गोपनीय अनुभाग से बाहर निकलते समय विशेषज्ञों की तलाशी नहीं ली जाती थी, जिसका कथित तौर पर फायदा उठाया गया।

कागज की पर्चियों और याद करके बाहर निकाले गए प्रश्न

सीबीआई के मुताबिक, एक आरोपी ने प्रश्नों को कागज की छोटी पर्चियों पर लिखकर बाहर निकाला, जबकि दो अन्य ने प्रश्नों को याद किया। बाद में उन्होंने होटल के कमरों में जाकर उन्हें लिख लिया या संबंधित पाठ्यपुस्तकों में उत्तरों से जुड़े हिस्सों को चिह्नित किया।

चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि अनुवाद और पुनः अनुवाद के दौरान विशेषज्ञों को रफ काम के लिए सादे कागज उपलब्ध कराए जाते थे। आरोपी पीवी कुलकर्णी ने कथित तौर पर इन्हीं कागजों पर रसायन विज्ञान के सभी 135 प्रश्न और उनके विकल्प संक्षेप में लिख लिए थे।

NEET UG Paper Leak Case 2026
नवभारत संपादकीय: क्या NEET की जगह 12वीं के अंकों से मिलेगा मेडिकल कॉलेज में दाखिला?

NTA की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

सीबीआई ने अपनी जांच में एनटीए के गोपनीय अनुभाग की सुरक्षा व्यवस्था में कमियां होने का दावा किया है। एजेंसी के अनुसार, विशेषज्ञों के प्रवेश और निकास के समय तलाशी की कोई नियमित व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा गोपनीय हॉल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए समर्पित सीसीटीवी लाइव-फीड निगरानी नियंत्रण कक्ष भी मौजूद नहीं था।

अब 25 नवंबर से शुरू होने वाली रोजाना सुनवाई में आरोपियों के खिलाफ पेश किए गए सबूतों और सीबीआई के दावों पर अदालत में विचार किया जाएगा।