फरार चाचा और बहन पर ईनाम घोषित
इलाके में पुलिस और प्रशासनिक गतिविधियां लगातार तेज
आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Lucknow Triple Murder Update: लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के फरार चाचा और बहन पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। वहीं, दूसरी ओर आरोपी के मकान और विवादित स्थल का सर्वे करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम भी मौके पर पहुंची।
LDA की टीम ने मौके पर ETS मशीन की मदद से सर्वे शुरू किया। इस दौरान नजूल भूमि की पैमाइश की गई। टीम आरोपी के घर और आसपास के विवादित स्थल की स्थिति का आकलन कर रही है। मौके पर पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। इस बीच डीजीपी और ACS होम भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली। ट्रिपल मर्डर के बाद से इलाके में पुलिस और प्रशासनिक गतिविधियां लगातार तेज हैं।
इस बीच, ट्रिपल हत्याकांड से जुड़ा 23 सेकंड का एक वीडियो भी सामने आया है, जो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला लगातार पांच गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। इसमें सुयश को गोली लगने के बाद आरोपी उसके साथ कार के पास हाथापाई करता भी नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वारदात को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, 26 अक्टूबर की सुबह सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में कार खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि चबूतरे के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसी ऋषभ शुक्ला और शिवाजी तिवारी के परिवार के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर ऋषभ ने कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी की मौत हो गई थी।
तीन लोगों की हत्या के मामले में ऋषभ शुक्ला समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और आदिति के नाम भी शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राजेश शुक्ला और दिव्या की तलाश जारी है। राजेश शुक्ला मुख्य आरोपी ऋषभ के चाचा हैं, जबकि दिव्या उसकी बहन बताई जा रही हैं।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता फरार आरोपियों की गिरफ्तारी है। वहीं, LDA की ओर से नजूल भूमि की पैमाइश और आरोपी के मकान का सर्वे किए जाने से मामले में प्रशासनिक कार्रवाई भी आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।