करवा चौथ में भी अपनी ड्यूटी निभातीं महिला पुलिसकर्मी  (सोर्स: नवभारत लाइव)
उत्तर प्रदेश

खाकी की जिम्मेदारी के साथ सुहाग की सलामती की दुआ, ड्यूटी के बीच करवा चौथ का व्रत निभा रहीं महिला पुलिसकर्मी

UP Female Police Personnel Karwa Chauth: यूपी पुलिस की महिला​कर्मियों के एक तरफ तो निर्जल व्रत कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना कर रही है तो वहीं दूसरी ओर अपनी ड्यूटी भी पूरी ईमानदारी से निभा रही।

नमिता प्रजापति

Highlight:

  • प्रेम, श्रद्धा और कर्तव्य का परिचय देतीं महिला पुलिसकर्मी

  • जिम्मेदारियों और पारिवारिक परंपराओं के बीच खूबसूरत संतुलन

  • सभी को पति का चेहरा देखकर व्रत खोलने का इंतजार

Karwa Chauth Female Police Personnel: झांसी में करवा चौथ पर महिला पुलिसकर्मियों के लिए एक तरफ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना। हाथों में मेहंदी, आंखों में चांद निकलने का इंतजार और दिल में पति से मिलने की चाह लिए ये महिला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी भी निभा रही हैं और व्रत की परंपरा भी। किसी की शादी को पांच साल हुए हैं, तो कोई 24 साल से लगातार यह व्रत रख रही है। खाकी वर्दी में सेवा और परिवार के प्रति समर्पण की यह तस्वीर करवा चौथ को खास बना रही है।

करवा चौथ के पर्व पर झांसी में उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों और पारिवारिक परंपराओं के बीच खूबसूरत संतुलन बनाया है। महिला थाना समेत पुलिस विभाग में तैनात महिला पुलिसकर्मी दिनभर ड्यूटी करने के साथ पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखे हुए हैं। किसी ने हाथों में मेहंदी रचाई है, तो कोई ड्यूटी से फुर्सत मिलने के बाद पूजा की तैयारी पूरी करने में जुटी है। सभी को शाम को चांद निकलने और पति का चेहरा देखकर व्रत खोलने का इंतजार है।

खाकी की ड्यूटी, सुहाग की दुआ

उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कर्मी प्रशंसा बताती हैं कि उनकी शादी को पांच साल हो चुके हैं। वह लगातार अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं, खास बात यह है कि उनके पति भी उनके लिए व्रत रखते हैं। वह बिजनेस करते हैं और शाम तक घर पहुंच जाएंगे। प्रशंसा कहती हैं कि पति को देखकर ही वह अपना व्रत खोलेंगी।

विभाग में तैनात शालिनी साहू भी पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। उनकी शादी को पांच साल हो चुके हैं और यह उनका छठा करवा चौथ है। शालिनी के मुताबिक, ड्यूटी की जिम्मेदारी के साथ त्योहार की परंपरा निभाना उनके लिए खास है।

महिला पुलिसकर्मी दीप्ति को भी शाम और चांद निकलने का इंतजार है। वह कहती हैं कि पति के साथ नोकझोंक तो होती रहती है, लेकिन उनके प्रति प्यार और अपनापन भी उतना ही है। उनकी कामना है कि हर जन्म में उन्हें यही पति मिलें।

महिला थाना प्रभारी नीतू सिंह बताती हैं कि वह लगातार चौथी बार करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। ड्यूटी पूरी करने के बाद पति के साथ चांद देखकर पूजा करेंगी और फिर व्रत खोलेंगी।

मेहंदी लगवाने और पूजा की तैयारी के साथ निभा रहीं ड्यूटी

वहीं, राममूर्ति के लिए यह परंपरा 24 साल पुरानी है। वह बताती हैं कि शादी के बाद से ही लगातार पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही हैं। मेहंदी लगवाने और पूजा की तैयारी के साथ ड्यूटी भी करनी पड़ रही है। वह मुस्कुराते हुए कहती हैं कि पति-पत्नी के बीच लड़ाई तो होती है, लेकिन उनके पति उनसे बहुत प्यार करते हैं।

अनीता राजपूत की शादी 2015 में हुई थी। वह भी हर साल पति की लंबी उम्र की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत रखती हैं और अपनी ड्यूटी भी निभाती हैं।

झांसी में महिला पुलिसकर्मियों की यह तस्वीर बताती है कि खाकी वर्दी की जिम्मेदारियों के बीच भी रिश्तों की गर्माहट और परंपराओं के लिए जगह बनी रहती है। दिनभर जनता की सुरक्षा में तैनात रहने वाली ये महिलाएं अब चांद निकलने और पति का चेहरा देखकर व्रत खोलने के उस खास पल का इंतजार कर रही हैं।

रिपोर्ट: आकाश साहू

Firecracker Ban: पटाखों पर बैन के पक्ष में नहीं SC, विराट कोहली का जिक्र कर क्या कहा?

विधान परिषद चुनाव में केवल एक सीट पर कांग्रेस की विजय, जानें भाजपा के गढ़ में अभिजीत की जीत के 10 बड़े कारण

PM आवास के पास स्थित रेस कोर्स मस्जिद पर नहीं चलेगा बुलडोजर, हाई कोर्ट में केंद्र सरकार ने क्या कहा?

IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में लालू यादव को राहत, दिल्ली हाई कोर्ट ने ED को जारी किया नोटिस

पुलिस की लाठियों की चिंता मत करो, राहुल गांधी की जनता से अपील, कहा- 1 नवंबर को दिल्ली चलो मार्च में शामिल हो