चौरीचौरा के देवकही गांव पहुंचेंगे सपा प्रमुख
अजय कुमार सिंह टप्पू के निजी कार्यक्रम में होंगे शामिल
क्या टप्पू होंगे चौरीचौरा से सपा का नया चेहरा?
Akhilesh Yadav Visit Chauri Chaura : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर और पूर्वांचल की सियासत में अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कल 18 नवंबर को गोरखपुर की चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव में प्रस्तावित दौरा राजनीतिक तौर परे बेहद अहम माना जा रहा है।
अखिलेश यादव यहां कभी भाजपा के करीबी रहे और 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके अजय कुमार सिंह टप्पू के निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अखिलेश यादव के दौरे को लेकर चौरीचौरा में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। देवकही गांव में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
पार्टी कार्यकर्ता और आयोजक कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। कल अखिलेश यादव के आगमन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
इस दौरे को महज एक पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इसके पीछे 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की संभावित राजनीतिक रणनीति भी नजर आ रही है।
गोरखपुर की राजनीति में अखिलेश यादव इससे पहले भी भाजपा से नाराज नेताओं को अपने पाले में लाकर राजनीतिक संदेश दे चुके हैं। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में भाजपा से नाराज डॉ. संजयन त्रिपाठी को समाजवादी पार्टी में शामिल कराकर उन्हें उम्मीदवार बनाया गया था।
अजय कुमार सिंह टप्पू के करीब पहुंचना इसी राजनीतिक रणनीति की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। टप्पू का संबंध गोरखपुर के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से है। वह स्वतंत्रता संग्राम के नायक शहीद बंधू सिंह के वंशज हैं। ऐसे में उनके साथ अखिलेश यादव की नजदीकी चौरीचौरा की राजनीति में नए समीकरण तैयार कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण और अजय कुमार सिंह टप्पू के बड़े भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह 'बीनू' के दशम स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव शामिल होंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसी दौरान टप्पू को समाजवादी पार्टी की प्रारंभिक सदस्यता भी दिलाई जा सकती है।
अगर ऐसा होता है तो चौरीचौरा विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव के लिए सपा की दावेदारी को नया आधार मिल सकता है। हालांकि, टप्पू को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।