

Akhilesh Yadav Benefits of Dynastic Politics: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवारवाद के मुद्दे पर दिलचस्प टिप्पणी करते हुए कहा कि इसके कुछ फायदे भी होते हैं। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवारवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह समझना भी जरूरी है कि परिवारवाद से क्या फायदा होता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती थी, लेकिन जनता ने उसे हरा दिया। उन्होंने दावा किया कि कई राजनीतिक दल टूट गए, लेकिन समाजवादी पार्टी नहीं टूटी। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा के पांच सांसद एक ही परिवार से थे। इसके अलावा पार्टी में कुछ मुस्लिम सांसद और कुछ पक्के समाजवादी भी थे। उनके मुताबिक, इसी वजह से पार्टी टूटने से बच गई।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आज सच बोलने पर पाबंदी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति जनता के सामने रखना चाहते थे, लेकिन सरकार ने उन पर पाबंदी लगा दी। अखिलेश ने कहा कि दूसरों को गुंडा कहने वाले खुद कितने बड़े गुंडे निकले, यह भी सामने आ चुका है।
उन्होंने पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों से सपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के मुताबिक काम करने की जरूरत है। इंटरनेट, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से बदल रहे हैं। अगर इन क्षेत्रों में काम नहीं किया गया तो रोजगार के अवसर कैसे पैदा होंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर कोई बुनियादी सवाल उठाता है और सरकार के बनाए जाल में नहीं फंसता तो उसे निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुसार काम करना होगा। तकनीक को नहीं समझने वाला व्यक्ति पीछे रह जाएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है और जल्द ही पार्टी अपना काम शुरू करती हुई दिखाई देगी।
जापानी बच्चे द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी लिए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह पिछले दिनों के वीडियो भी देख रहे थे। उन्होंने टिप्पणी की कि अगर उस बच्चे ने थोड़ी भी रिसर्च की होती तो शायद वह मुख्यमंत्री के साथ इतनी हिम्मत से सेल्फी नहीं ले पाता।
अखिलेश यादव ने PDA को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा PDA से घबराई हुई है और इसलिए इसकी अलग-अलग परिभाषाएं बताई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि PDA का मतलब 'प्रेम, दया और अपनापन' भी है। अखिलेश के मुताबिक, समाजवादी लोग प्रेम, दया और अपनापन के जरिए जितने लोगों को जोड़ेंगे, पार्टी उतनी ही मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सिद्धांत नहीं बदलते। अखिलेश ने दावा किया कि जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही PDA आगे बढ़ेगा और भविष्य में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक सरकार बनेगी।
जयंत चौधरी पर बिना नाम लिए की गई टिप्पणी से जुड़े विवाद पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब सच बोलना भी गलत हो गया है और सच बोलने पर लोग मारे जा रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती और वह साथ निभाने वाले लोग हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मौजूदा गठबंधन बना रहेगा और सच्चाई जानने के लिए संबंधित वीडियो देखा जा सकता है।