

कोलकाता में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन सागर सुरक्षा 2026 का आयोजन
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश में एक एकीकृत और मजबूत तटीय सुरक्षा ढांचा विकसित करना
सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों और भविष्य में सामने आने वाले संभावित खतरों पर होगी विस्तार से चर्चा
Coastal Security Conference Kolkata: भारत की तटीय और समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय तटरक्षक बल गृह मंत्रालय (MHA) के सीमा प्रबंधन विभाग के सहयोग से 16 से 17 नवंबर 2026 तक कोलकाता में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन सागर सुरक्षा 2026 का आयोजन कर रहा है। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश में एक एकीकृत और मजबूत तटीय सुरक्षा ढांचा विकसित करना है।
सम्मेलन की थीम तटीय सुरक्षा के लिए व्यापक दृष्टिकोण, हितधारकों की भागीदारी और सामुदायिक जुड़ाव को मजबूत करना रखी गई है। कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिम बंगाल सरकार के गृह एवं पर्वतीय मामलों के राज्य मंत्री बिशाल लामा करेंगे।
भारतीय तटरक्षक बल गृह मंत्रालय (MHA) के सीमा प्रबंधन विभाग के इस राष्ट्रीय सम्मेलन में तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ केंद्रीय मंत्रालयों, सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और समुद्री क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों और भविष्य में सामने आने वाले संभावित खतरों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सागर सुरक्षा 2026 में समुद्री क्षेत्र की परिचालन संबंधी चुनौतियों, तटीय सुरक्षा की कमजोरियों और उभरते खतरों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
सम्मेलन में विभिन्न एजेंसियां अपने अनुभव और परिचालन से जुड़ी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा करेंगी। चर्चाओं के माध्यम से व्यावहारिक नीतिगत सुझाव तैयार करने, एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
इस सम्मेलन का व्यापक लक्ष्य भारत की लंबी तटरेखा और समुद्री हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके जरिए एकीकृत राष्ट्रीय दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए देश की तटीय सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।