अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने से समाजवादी पार्टी को फायदा या घाटा? 5 प्वॉइंट में जानें

Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को राम मंदिर जाने की चर्चा से यूपी की सियासत गरमा गई है। क्या 2027 चुनाव से पहले बदलेगी सपा की रणनीति और वोट बैंक का समीकरण?
Akhilesh Yadav .jpg
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव।सोर्स: गूगल इंटरनेट
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अखिलेश यादव पत्नी डिंपल और परिवार के साथ 12 दिसंबर को राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर सकते हैं।

  • बीजेपी, ओवैसी और VHP ने अखिलेश के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर सवाल उठाए, 1990 की गोलीबारी का मुद्दा भी उठा।

  • 2027 चुनाव से पहले राम मंदिर के जरिए हिंदुत्व के नैरेटिव को चुनौती देने और मुस्लिम-पीडीए वोट बैंक साधने की अखिलेश की रणनीति पर चर्चा।

Akhilesh Yadav Visit Ram Mandir: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या का राम मंदिर एक बार फिर सियासत के केंद्र में आ गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या स्थित राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन करने का संकेत दिया है। हालांकि, इस दौरे की आधिकारिक घोषणा अभी अखिलेश यादव की ओर से नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के बयान और खुद अखिलेश की प्रतिक्रिया ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है।

खास बात यह है कि जनवरी 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान निमंत्रण मिलने के बावजूद अखिलेश यादव समारोह में शामिल नहीं हुए थे। उन्होंने तब कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद वह परिवार के साथ राम मंदिर जाएंगे। अब करीब तीन साल बाद उनके अयोध्या जाने की चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब यूपी में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या अखिलेश यादव अपनी राजनीतिक रणनीति बदल रहे हैं? क्या राम मंदिर के दर्शन के जरिए बीजेपी के हिंदुत्व वाले नैरेटिव का जवाब देने की तैयारी है?

12 दिसंबर को अयोध्या जाने की चर्चा कैसे शुरू हुई?

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की चर्चा समाजवादी पार्टी के अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार और पूर्व विधायक तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के बयान के बाद शुरू हुई। उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत में बताया कि अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे।

उनके मुताबिक, इस दौरान अखिलेश यादव हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। साथ ही साधु-संतों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

11 नवंबर को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव से जब इस दौरे के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे तौर पर राम मंदिर का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा, ''भगवान सबके हैं, केदारेश्वर भी जाएंगे, मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे। पहले भी जाते रहे हैं। क्यों नहीं जाएंगे। पहले केदारेश्वर जाएंगे, फिर आगे भी दर्शन करेंगे। पीडीए यानी पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद।''

अखिलेश के इस बयान से संकेत मिला कि वह धार्मिक स्थलों पर जाने से परहेज नहीं करेंगे। हालांकि, 12 दिसंबर की तारीख की आधिकारिक पुष्टि उन्होंने नहीं की।

Photos of those accused in the Babri Masjid demolition
लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह, विनय कटियार, उमा भारती और अन्य लोगों की फोटो।सोर्स: गूगल इंटरनेट

राम मंदिर को लेकर बीजेपी लगातार क्यों घेरती रही है?

राम मंदिर का मुद्दा समाजवादी पार्टी के लिए लंबे समय से राजनीतिक चुनौती बना हुआ है। जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए अखिलेश यादव को भी निमंत्रण मिला था, लेकिन वह समारोह में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा था कि वह बाद में परिवार के साथ दर्शन करने जाएंगे।

इसके बाद बीजेपी ने कई मौकों पर उनके अयोध्या नहीं जाने को मुद्दा बनाया। पार्टी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव मुस्लिम वोट बैंक को ध्यान में रखकर राम मंदिर से दूरी बना रहे हैं। बीजेपी नेताओं ने समाजवादी पार्टी पर हिंदू विरोधी और सनातन विरोधी राजनीति करने के आरोप भी लगाए।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें 12 दिसंबर के बजाय 6 दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए और 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के लिए माफी मांगनी चाहिए।

यह मामला मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग और 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़ी राजनीतिक बहस की ओर इशारा करता है।

Akhilesh Yadav .jpg
दादा की संपत्ति में पोते का अधिकार नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला; जानें क्या कहा?

ओवैसी और VHP ने भी उठाए सवाल, सपा ने क्या जवाब दिया?

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की चर्चा के बाद बीजेपी के अलावा एआईएमआईएम और विश्व हिंदू परिषद ने भी उन पर निशाना साधा है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम सांसदों और विधायकों से सवाल किया कि वे अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के फैसले का समर्थन कैसे करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि क्या मुस्लिम वोट बैंक खिसकने के डर से अखिलेश यादव राम मंदिर जाने की तैयारी कर रहे हैं?

वहीं, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद अखिलेश यादव अयोध्या नहीं आए। उन्होंने इसे लेकर समाजवादी पार्टी की मंशा पर सवाल उठाए।

दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि मुस्लिम मतदाताओं ने कभी राम मंदिर जाने को लेकर पार्टी से आपत्ति नहीं जताई। उनके मुताबिक, जब अदालत का फैसला आ चुका है और मंदिर बन चुका है, तो वहां दर्शन करने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

सपा नेता का तर्क है कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य बीजेपी को सत्ता से हटाना है और इसके लिए धार्मिक मुद्दों के बजाय जनता की समस्याओं पर ध्यान देना जरूरी है।

Akhilesh Yadav .jpg
12 बजे सोकर उठते हैं, अली-अली चिल्लाते हैं... अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा हमला, PDA पर भी उठाए सवाल

क्या अखिलेश यादव बीजेपी के हिंदुत्व वाले नैरेटिव को चुनौती देना चाहते हैं?

राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में अखिलेश यादव का अयोध्या जाना केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से जुड़ी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। वरिष्ठ पत्रकार सुमन गुप्ता के मुताबिक, अखिलेश यादव की राजनीति में धार्मिक मुद्दों को लेकर बदलाव दिखाई दे रहा है। पहले वह शुभ-अशुभ और धार्मिक प्रतीकों को लेकर अलग रुख रखते थे, लेकिन अब धार्मिक स्थलों पर जाने और आस्था से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात कर रहे हैं।

उनका मानना है कि बीजेपी ने राम मंदिर और भगवान राम को अपनी राजनीति के केंद्र में रखा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों को लगातार मुस्लिम तुष्टीकरण और हिंदू विरोधी राजनीति के आरोपों का सामना करना पड़ता है। अखिलेश यादव के सामने अपनी पार्टी की इस छवि को बदलने की चुनौती है।

बीबीसी से बातचीत में सुमन गुप्ता ने बताया, “राम मंदिर आंदोलन ने बीजेपी को राजनीतिक रूप से मजबूत किया, लेकिन समाजवादी पार्टी के लिए यह हमेशा संवेदनशील मुद्दा रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव का इस मुद्दे पर सीधे उतरना जोखिम भरा हो सकता है। अगर वह इस राजनीतिक चुनौती को संभाल लेते हैं तो फायदा हो सकता है, लेकिन संतुलन बिगड़ने पर नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।”

Akhilesh Yadav .jpg
छठ पूजा के नहाय-खाय पर दीघा घाट पहुंचे नितिन नबीन, गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, साझा की बचपन की यादें

मुस्लिम और दलित वोट बैंक पर कितना पड़ेगा असर

अखिलेश यादव के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को बनाए रखने की है। समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में मुस्लिम और यादव मतदाताओं का मजबूत समर्थन मिलता रहा है। वहीं, पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एक साथ लाने की उनकी रणनीति भी आगामी चुनाव के लिहाज से अहम है।

एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी जैसी पार्टियां मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को ये दल बीजेपी की तरह हिंदुत्व की राजनीति करने और मुस्लिम मतदाताओं के मुद्दों से दूरी बनाने के तौर पर पेश कर सकते हैं।

हालांकि, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सलीम शेरवानी का मानना है कि मुस्लिम मतदाताओं को बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी गठबंधन का समर्थन करना चाहिए। उनके मुताबिक, छोटी पार्टियां चुनाव में वोट काटकर बीजेपी को फायदा पहुंचा सकती हैं।

कुल मिलाकर, अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को केवल मंदिर दर्शन तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता। यह 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हिंदुत्व, धर्मनिरपेक्षता और पीडीए की राजनीति के बीच संतुलन बनाने की कोशिश भी हो सकती है। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव का यह कदम बीजेपी के राम मंदिर वाले राजनीतिक नैरेटिव को चुनौती देता है या समाजवादी पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक के सामने नई मुश्किलें खड़ी करता है।

Akhilesh Yadav .jpg
Chhath Puja: मुस्लिम देश में छठ पूजा कैसे मनाई जाती है? आधा भारत नहीं जानता