HIGHLIGHTS
इस साल अयोध्या में 10वीं बार दीपोत्सव की तैयारी
दिवाली पर अयोध्या के लिए विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही
30 लाख दीये जलाकर रिकॉर्ड ब्रेक करने की तैयारी
Ayodhya Ram Mandir Dipotsav: वैसे तो दिवाली कहीं भी मनाओ, ये त्योहार तो खुद में ही बेहद खास होता है। लेकिन जरा सोचिए आप फैमिली के साथ उस जगह दिवाली मनाने जाएं जहां प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ था और जहां पहली पर दिवाली में दीपक जलाए गए थे, तो शायद ये एक तरह से मोक्ष की प्राप्ति जैसा ही नजारा हो।
यदि आप भी प्रभु श्रीराम के भक्त हैं और इस दिवाली को परिवार वालों के साथ यादगार बनाना चाहते हैं तो अयोध्या के लिए बैग पैक कर लीजिए।
अयोध्या दीपोत्सव उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हर साल दिवाली के दिन आयोजित किया जाता रहा है, जिसकी शुरुआत सीएम योगी ने 2017 में की थी।
दीपोत्सव के दौरान राम कथा पार्क में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में अयोध्या में इस साल 10वीं बार दीपोत्सव मनाया जाएगा।
अयोध्या की दिवाली मेट्रो सिटी जैसे दिल्ली, नोएडा शहर व अन्य जगहों से बिल्कुल अलग होती है। इस बार अयोध्या दीपोत्सव 7 और 8 नवंबर को मनाया जाएगा। इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 23 अक्टूबर को दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के दौरान दी गई।
ये दीपोत्सव 2 दिनों तक चलेगा यानी 7 और 8 नवंबर को आप इसका आनंद ले पाएंगे। 8 नवंबर को मंदिर परिसर का हर एक कोना जगमगाता हुआ नजर आएगा। प्रत्येक सीढ़ियों को दीयों से सजाया जाएगा। सरसों के तेल से दीपक जलाए जाएंगे।
राम नगरी अयोध्या दीपोत्सव 2025 के नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले साल अयोध्या के 56 घाटों पर 26 लाख 17 हजार 215 दीपक एक साथ जलाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उसी शाम एक और रिकॉर्ड दर्ज हुआ। उस शाम सबसे ज्यादा लोग यानी 2,128 लोग गंगा आरती में शामिल हुए।
इस साल अयोध्या दीपोत्सव में 30 लाख दीये जलाकर रिकॉर्ड ब्रेक करने की तैयारी है। 56 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की जा रही है। इसकी जिम्मेदारी 35 हजार स्वयंसेवकों को दी गई है।
ऐसे में रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव का 10वां संस्करण बड़ी ही धूमधाम से मनाने की तैयारी है। टूटने-फूटने की आशंका को देखते हुए पहले से 33 लाख दीये मंगवा लिए गए हैं ताकि अगर कुछ दीये टूटे भी तो रिकॉर्ड बनाया जा सके।
ट्रेन या फ्लाइट की एडवांस बुकिंग कर लें। चूंकि त्योहार का समय है तो उस हिसाब से खासा भीड़ भी रहेगी। भीड़ में टिकट मिलना थोड़ा मुश्किल होगा इसलिए पहले ही टिकट की एडवांस बुकिंग कर लें।
आप अयोध्या बस, ट्रेन या फ्लाइट से भी आ सकते हैं। बता दें कि रेलवे द्वारा दिवाली पर अयोध्या के लिए विशेष ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं जिससे यात्रा और भी सुगम हो गई है।
दीपोत्सव या आरती के समय सुरक्षा जांच होती है। भीड़ भी अधिक होती है तो आरती के समय से थोड़ा जल्दी पहुंचे। राम की पैड़ी या राम मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर सूर्यास्त से काफी पहले पहुंच जाएं ताकि सुंदर नजारों का लुत्फ भी आप उठा पाएं।
दीपोत्सव वाले इलाकों के पास निजी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहती है। ऐसे में शहर के बाहरी इलाकों में बने डेजिग्नेटेड पार्किंग ज़ोन पर गाड़ी खड़ी करें।
नवंबर में शाम के समय अच्छी खासी ठंड होती है, इसलिए गरम कपड़े जरूर रखें। ध्यान रखें कि पैदल भी चलना पड़ेगा इसलिए आरामदायक जूते ही पहनें।
दीयों और भीड़भाड़ के कारण हल्का और छोटा बैग लेना ही उचित रहेगा। ध्यान रखें कि फोन का पावर बैंक और पानी की बोतल साथ रखें।