

Highlights:
ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में दर्दनाक हादसा
11 साल के बेटे को बचाने में गई पिता की जान
बालकनी से गिरकर पिता-पुत्र की मौत
खाटू श्याम मंदिर जाने की कर रहे थे तैयारी
Greater Noida West (Gaur City 2) Accident: यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइ में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है, जिसमें बालकनी से फूल तोड़ने के दौरान गिरने से एक पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि मृतक सोसाइटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल पर रहते थे। मृतकों का नाम रणदीप पात्रा बताया जा रहा है। उनकी उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है, वहीं उनके बेटे आरव की उम्र 11 वर्ष थी। जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी (गौर सिटी-2) में शुक्रवार अहले सुबह हुआ। दोनों पिता- पुत्र की मौत सोसाइटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर हुई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से सोसाइटी में शोक का माहौल है। हालांकि बिसरख थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि जब यह हादसा हुआ, उस वक्त पिता रणदीप अपने बेटे से बालकनी में फूल तुड़वा रहे थे। मृतक की पत्नी ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जाना था। जिसके लिए रणदीप अपने बेटे के साथ पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए। उन्होंने आगे बताया कि बालकनी बारिश की वजह से बहुत गीली हो चुकी थी और फूल तोड़ने के दौरान सीढ़ी से फिसलकर बेटा बालकनी में लटक गया। बेटे को बचाने के लिए पिता भी दौड़े, लेकिन वह संतुलन नहीं बना पाए और बालकनी से गिरकर दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, इस हादसे की परिस्थितियों के बारें में अभी पुलिस जांच कर रही है।