Gyanesh Kumar Ancestral Home Agra: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास के बाहर 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद मंगलवार को धार्मिक अनुष्ठान के जरिए घर का गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया। विजयनगर स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने शंखनाद किया और पूरे परिसर में गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया।
यह धार्मिक आयोजन अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
शुद्धिकरण कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की माता सत्यवती और पिता सुबोध गुप्ता भी शामिल हुए। इस दौरान सत्यवती ने 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान घर के बाहर ‘गद्दार’ और ‘वोट चोरी’ जैसे शब्द लिखे गए, जिससे वह बेहद आहत हुई हैं।
ज्ञानेश कुमार के पिता सुबोध गुप्ता ने कहा कि उनका बेटा देश की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को विरोध प्रदर्शन करना था तो वह दिल्ली में उनके बेटे के आवास के बाहर प्रदर्शन कर सकती थी। आगरा स्थित पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किए जाने से परिवार की छवि प्रभावित हुई है।
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा के नेहरू नगर स्थित उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विरोध जताया था। प्रदर्शन के दौरान आवास के बाहर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने का भी आरोप लगाया गया।
इसी घटना के बाद अब धार्मिक आयोजन कर पैतृक आवास का गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों के साथ क्षेत्रीय नागरिकों की भी मौजूदगी रही।