

Agra Congress Protest Against Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक निवास पर कालिख़ पोतने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा जेल भेजने के बाद मामला और तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। दो दिन पूर्व यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए पहुंचे थे, तो वहीं गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और राष्ट्रीय सचिव कुनाल चौधरी आगरा पहुंचे।
अजय कुमार लालू और कुनाल चौधरी ने जिला जेल पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात की और उनका हौसला बढ़ाया। करीब आधा घंटा दोनों नेता जिला जेल में निरुद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिले। दोनों ने जिला कारागार में निरुद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जेल से बाहर आकर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम एक बार नहीं हजारों बार कहेंगे कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चोर और गद्दार है। उन्होंने कहा कि हम राहुल गांधी के सिपाही हैं, इस सरकार से डरने वाले नहीं।
बता दें कि बीते सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक निवास पर पहुंच कर उनके घर के बाहर "ज्ञानेश कुमार गद्दार और ज्ञानेश कुमार वोट चोर" लिखा था। मुख्य चुनाव आयोग के आवास पर कालिख़ पोतने वालों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव अनिल यादव, मुकेश धनघर जिलाध्यक्ष मथुरा सहित करीब 25 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां पर कई खोदने के बाद जोरदार प्रदर्शन किया था।
आगरा पुलिस द्वारा इस मामले में 6 लोगों को जेल भेजा है जिनमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव अनिल यादव, जिलाध्यक्ष मथुरा मुकेश धनघर मुख्य रूप से शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने दो टूक कहा कि हम राहुल गांधी के सिपाही हैं, ऐसे जेल जाने से भयभीत होने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अभी तो आंदोलन शुरू हुआ, जब तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक राहुल गांधी के सिपाही मुख्य चुनाव आयुक्त के पैतृक निवास पर ही नहीं हर जगह इसी तरीके से प्रदर्शन करेंगे कालिख़ पोतेंगे और हर दीवार पर लिखेंगे ज्ञानेश कुमार वोट चोर और गद्दार है।
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि ज्ञानेश कुमार गद्दार और चोर है। उसने लोकतंत्र को लूटने का काम किया है। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए लड़ना अपराध हो गया, जेल भेजेंगे। यह चोरों की सरकार है। हर कांग्रेसी जेल जाने को तैयार है, लाठी खाने को तैयार है। ज्ञानेश कुमार चोर है, ज्ञानेश कुमार ने संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है।
उधर, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुनाल चौधरी ने कहा कि देश के लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए भाजपा साजिश रच रही है। चुनाव आयोग बीजेपी की इकाई के रूप में काम कर रहा है और चुनाव आयुक्त भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए डकैत को चोर कहना इतना बड़ा अपराध हो गया कि धारा 307 लगा दी गयी। उन्होंने कहा कि माफिया तंत्र को संरक्षण दे देते हो, लोकतंत्र का कत्ल करने वालों को संरक्षण देते हो, और जो लोकतंत्र को बचाने का काम कर रहे हैं उन पर संगीन धाराएं लगाकर जेल में भेजने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने पुलिस के लिए कहा कि इनकी (भाजपा) की गुलामी करना बंद करो देश में बदलाव आने वाला है। इस देश में लोकतांत्रिक, संवैधानिक सरकार आने वाली है।
बता दें कि जिला जेल में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव अनिल यादव, मुकेश धनघर जिलाध्यक्ष मथुरा सहित 6 कांग्रेस कार्यकर्ता जिला जेल में निरुद्ध हैं। पुलिस ने हाल ही में 15 अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को चिन्हित किया है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि उनको भी पुलिस कभी भी अरेस्ट कर जेल भेज सकती है।