महेंद्र सिंह धोनी (AI जनरेटेड इमेज)
क्रिकेट

जानें नंबर 7 की असली कहानी, कैसे हॉलीवुड को मिला नया जेम्स बॉन्ड तो 7 नंबर ने IPL को कहा Bye-Bye

Robert Pattinson New James Bond: हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट पैटिनसन 26वीं जेम्स बॉन्ड फिल्म में नए 007 बन गए हैं। वहीं, क्रिकेट जगत में '007' के रूप में मशहूर एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है।

विजय कुमार तिवारी, अक्षय साहू

Highlights:

  • 26वीं जेम्स बॉन्ड फिल्म के हीरो बने रॉबर्ट पैटिनसन

  • डेनिस विलेन्यूव करेंगे नई बॉन्ड फिल्म का निर्देशन

  • एक पक्षी विज्ञानी की किताब से जन्मा था बॉन्ड नाम

  • 17 नवंबर 2026 को MS धोनी ने लिया IPL से संन्यास

  • IPL 2027 से चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर बनेंगे धोनी

MS Dhoni IPL Retirement: आखिरकार दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है और 16 नवंबर को अगले 007 का नाम आधिकारिक तौर पर सामने आ चुका है। 26वीं जेम्स बॉन्ड फिल्म में ब्रिटिश सीक्रेट एजेंट का यह आइकॉनिक किरदार हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन निभाने जा रहे हैं।

डेनियल क्रेग के बाद अब पैटिनसन इस जासूसी दुनिया की कमान संभालेंगे। इस बड़ी फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी जाने-माने डायरेक्टर डेनिस विलेन्यूव को सौंपी गई है, जबकि इसकी दमदार कहानी स्टीवन नाइट ने लिखी है। वहीं क्रिकेट जगत के बड़े खिलाड़ियों में शुमार 'नंबर 7' यानी महेंद्र सिंह धोनी ने आज के दिन IPL से बतौर खिलाड़ी संन्यास ले लिया है।

एक पक्षी विज्ञानी की किताब से जन्मा था 'जेम्स बॉन्ड' का नाम

इस विश्व प्रसिद्ध जासूसी किरदार के नाम के पीछे की कहानी भी बेहद दिलचस्प है। साल 1952 में मशहूर ब्रिटिश लेखक और पत्रकार इयान फ्लेमिंग एक ऐसी जासूसी कहानी लिखने बैठे थे, जो बाकी सभी कहानियों को पीछे छोड़ दे। उनके दिमाग में अपने हीरो की छवि तो साफ थी, लेकिन उन्हें कोई सटीक नाम नहीं सूझ रहा था।

तभी उनकी नजर मेज पर रखी पक्षियों की एक किताब पर पड़ी, जिसके लेखक एक अमेरिकी पक्षी विज्ञानी 'जेम्स बॉन्ड' थे। फ्लेमिंग को यह बेहद साधारण और बिना चमक-दमक वाला नाम पसंद आ गया और इस तरह साल 1953 में आए उनके पहले उपन्यास 'कैसिनो रॉयल' के पन्ना नंबर 56 पर जेम्स बॉन्ड का जन्म हुआ।

रॉबर्ट पैटिनसन के चयन ने तोड़ी वर्षों पुरानी परंपरा

आमतौर पर जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने के लिए ऐसे अभिनेता को चुना जाता रहा है, जो पहले से बहुत बड़ा सुपरस्टार न हो। लेकिन रॉबर्ट पैटिनसन के मामले में यह पुरानी परंपरा टूट गई है। पैटिनसन साल 2008 में आई 'ट्वाइलाइट' सीरीज से ही दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर राज कर रहे हैं और इसी साल उनकी 4 बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं।

रॉबर्ट पैटिंसन

हालांकि कुछ पुराने फैंस को लगता है कि उनकी स्टार इमेज इस रोल के पारंपरिक अंदाज को बदल सकती है, लेकिन शारीरिक बनावट के लिहाज से लंबा कद, तीखे नैन-नक्श और गंभीर चेहरा उन्हें फ्लेमिंग के बॉन्ड के बेहद करीब बनाता है।

क्या है '007' कोड का असली मतलब

दूसरे विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश नौसेना खुफिया विभाग में काम कर चुके इयान फ्लेमिंग ने अपने अनुभवों से इस किरदार को गढ़ा और कुल 12 उपन्यास व 2 लघुकथाएं लिखीं। कहानी में बॉन्ड को ब्रिटिश गुप्त सेवा MI6 में 007 कोड नंबर दिया गया है, जिसमें '00' का अर्थ "मारने का लाइसेंस" (License to kill) और '7' उनकी विशेष रैंक है।

जेम्स बॉन्ड का किरदार निभा चुके हैं कई अभिनेता

पर्दे पर पहली बार 5 अक्टूबर 1962 को रिलीज हुई फिल्म 'डॉ. नो' में शॉन कॉनरी जेम्स बॉन्ड बने थे, जिन्होंने कुल 7 फिल्में कीं। उनके बाद जॉर्ज लेजेनबी, रोजर मूर, टिमोथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनैन और डेनियल क्रेग ने इस भूमिका को अमर बनाया।

जर्सी नंबर '7' ने ले लिया आज IPL से संन्यास

सिनेमा के '007' के ऐलान के बीच क्रिकेट जगत के सबसे बड़े 'नंबर 7' यानी महेंद्र सिंह धोनी ने भी आज आईपीएल से बतौर खिलाड़ी संन्यास ले लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2027 की रिटेंशन की आखिरी तारीख पर इसकी पुष्टि की।

चोट के कारण IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए थे धोनी

पिंडली और घुटने की चोट के कारण आईपीएल 2026 में एक भी मैच न खेल पाने वाले धोनी का आखिरी मुकाबला आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ था। अपने 19 साल के सफर में 278 मैचों में 5,439 रन बनाने और 5 आईपीएल व 2 चैंपियंस लीग खिताब जीतने वाले धोनी अब IPL 2027 से CSK के टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे।

धोनी के लिए 7 नंबर बेहद खास

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए 7 नंबर बेहद खास और भावनात्मक रूप से जुड़ा रहा है, लेकिन धोनी के अनुसार उन्होंने इसे किसी अंधविश्वास या लकी नंबर मानकर नहीं चुना था। धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को हुआ था। जुलाई को साल का 7वां महीना माना जाता है। इसीलिए उन्होंने अपनी क्रिकेट जर्सी से लेकर अपनी गाड़ियों का नंबर भी 007 या 7 रखा था।

सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत को लगाई फटकार, कहा- माफी दिमाग से नहीं, दिल से आनी चाहिए

भारत समिट विवाद: सुप्रीम कोर्ट में याचिका, विदेशी नेता के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे की SIT जांच की मांग

कोलकाता में आज से सागर सुरक्षा 2026 का आगाज, तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ अधिकारी

रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को प्यार के जाल में कैसे फंसाया? कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी

लाठियों से नहीं टूटा हौसला, देश के लिए दे दी जान; जानिए पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की शौर्यगाथा