

महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास का ऐलान किया।
धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे।
IPL में खिलाड़ी के रूप में धोनी का सफर खत्म होने के बाद CSK के साथ उनका जुड़ाव नए रूप में जारी रहेगा।
MS Dhoni Retired From IPL: महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास का ऐलान कर दिया है। धोनी अब आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। CSK ने मंगलवार को धोनी को टीम के नए मेंटर नियुक्त करने की जानकारी दी। इसके साथ ही यह साफ हो गया कि IPL में बतौर खिलाड़ी धोनी का सफर अब खत्म हो गया। अब वह आईपीएल में एक नई भूमिका में नजर आएंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर धोनी की नई पारी को लेकर कहा कि धोनी इस नई भूमिका के साथ एक नए अध्याय (New Chapter) की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी का आभार जताते हुए कहा कि धोनी के बिना CSK नहीं है।
एन. श्रीनिवासन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि एमएस धोनी के बिना सीएसके नहीं है। लगभग दो दशकों से, हम एक-दूसरे के साथ आगे बढ़े हैं, जीत, मुश्किलों और बीच की हर चीज में। उन्होंने कहा हमारा रिश्ता इतना मजबूत है, इसकी एक वजह है: हम इरादों पर सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है।
श्रीनिवासन ने आईपीएल के पहले सीजन में धोनी को टीम में शामिल करने के अपने फैसले को याद करते हुए कहा कि 2008 में, मैंने जोर दिया था कि धोनी को सीएसके का हिस्सा होना चाहिए। श्रीनिवासन ने इसे अपना अब तक का सबसे अच्छा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि फ्रैंचाइजी के लिए उनकी सभी कामयाबियों की वजह से नहीं, बल्कि वह जिस तरह के इंसान हैं, उसकी वजह से। धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। यह हमेशा उनका घर रहेगा।
वहीं फ्रैंचाइजी ने भी एक्स पर एक भावुक पोस्ट करते हुए धोनी के सफर को याद किया। फ्रैंचाइजी ने कहा कि जिंदगी में एक बार मिलने वाला खिलाड़ी। एक नया रोल। एक ऐसा रिश्ता जो हमेशा रहेगा महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर का चार्ज संभाला। अनगिनत जीतों, मुश्किल समय और ऐसी यादों के जरिए जो हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।
एमएस शुरू से ही हमारे सफर के दिल में रहे हैं। हमें शान तक ले जाने से लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को गाइड करने तक, थाला हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। और चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पांच बार IPL चैंपियन बनाया। यह उपलब्धि उन्हें IPL इतिहास के उन कप्तानों की कतार में खड़ा करती है, जिन्होंने सबसे ज्यादा खिताब जीते हैं। इसके अलावा, धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स ने दो बार चैंपियंस लीग T20 का खिताब भी अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में किसी अन्य कप्तान ने इतने खिताब नहीं जीते हैं।
बल्लेबाजी के मामले में भी धोनी का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। वह सीएस के के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर हैं। उनके नाम CSK की ओर से 5,314 रन दर्ज हैं। वहीं, टीम के लिए 272 मैच खेलकर वह सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं।
एमएस धोनी का IPL करियर आंकड़ों के लिहाज से भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने इस लीग में कुल 278 मुकाबले खेले और 242 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 का रहा।
धोनी का IPL में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 84 रन है। उन्होंने अपने करियर में कुल 24 अर्धशतक लगाए, हालांकि वह इस टूर्नामेंट में कभी शतक नहीं बना पाए। उनके बल्ले से 375 चौके और 264 छक्के देखने को मिले। ये आंकड़े IPL में उनके लंबे और प्रभावशाली सफर की कहानी बयां करते हैं।