Indian Players Leave For Dubai: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम के कई खिलाड़ी दुबई के रवाना हो गए हैं। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई से दुबई के लिए रवाना हुए। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मुख्य कोच गौतम गंभीर भी गुरुवार को दिल्ली से दुबई के लिए रवाना हुए थे। उसके अलावा तेज गेंदबाज हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव सहित अन्य भारतीय क्रिकेटर्स भी दुबई पहुंच चुके हैं। अर्शदीप के एक सोशल मीडिया पोस्ट से पता चलता है कि वह आज सुबह ही दुबई के लिए रवाना हो गए।
भारतीय टीम एशिया कप के खिताब का बचाव करने उतरेगी। पिछली बार भारत ने 2023 में एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब टी20 फॉर्मेट में होने वाले एशिया कप में इस खिताब का बचाव करेगी।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले ही बताया था कि सभी खिलाड़ी 4 सितंबर की शाम तक दुबई पहुंच जाएंगे और पहला नेट सेशन 5 सितंबर को आईसीसी अकादमी में होगा। व्यवस्थागत सुविधा को ध्यान में रखते हुए, खिलाड़ियों को अपने-अपने शहरों से दुबई आने की अनुमति दी जाएगी। वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जायसवाल जैसे रिजर्व क्रिकेटर टीम के साथ यात्रा नहीं करेंगे।
इस बीच टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और वनडे कप्तान रोहित शर्मा समेत भारतीय खिलाड़ियों ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित प्री-सीजन फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। रोहित जहां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से संन्यास ले चुके हैं और एशिया कप का हिस्सा नहीं होंगे, वहीं गिल को उप-कप्तान बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: महिला वर्ल्ड कप 2025 के उद्घाटन समारोह श्रेया घोषाल बिखेरेंगी जलवा, गुवाहटी में सजेगा मंच
गिल उम्मीद के मुताबिक 9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए दुबई रवाना हो गए हैं और उनके साथी भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और जितेश शर्मा भी फिटनेस टेस्ट में खरे उतरे हैं।
एशिया कप के लिए शुभमन गिल को भारतीय टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। हाल ही में दलीप ट्रॉफी से नाम वापस लेने के बाद उनका फिटनेस टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया था। गिल को नॉर्थ ज़ोन की कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन बुखार के चलते उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था। बीते कुछ दिनों से वे अपने गृहनगर में आराम कर रहे थे।