

Shreya Ghosal Set To Perform At Women's Cricket World Cup 2025: महिला वर्ल्ड कप की शुरुआत 30 सितंबर से हो रही है। महिला वर्ल्ड कप 2025 के उद्घाटन समारोह में भारत की प्रसिद्ध गायक श्रेया घोषाल अपने सुरों से महफिल को रोशन कर देगी। वो गुवाहटी में उद्घाटन समारोह में परफॉर्म करेगी।
श्रेया घोषाल ने इस टूर्नामेंट का आधिकारिक गाना 'ब्रिंग इट होम' गाया है और वह भारत और श्रीलंका के बीच पहले मैच से पहले लाइव परफॉर्मेंस भी देंगी। उनका यह प्रदर्शन महिला क्रिकेट की ऊर्जा, भावना और एकता का जश्न मनाएगा। आईसीसी ने महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने टिकटों और उद्घाटन समारोह से जुड़ी जानकारी साझा की है। इस बार का टूर्नामेंट भारत के चार शहरों और श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा।
इस टूर्नामेंट की एक खास बात यह है कि टिकटों की कीमत बहुत कम रखी गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मैच देखने आ सकें। भारत में लीग मैचों के टिकट की कीमत सिर्फ 100 रुपये रखी गई है, जो लगभग 1.14 अमेरिकी डॉलर के बराबर है। इससे स्टेडियम में ज्यादा भीड़ और उत्साह देखने को मिलेगा और महिला क्रिकेट को और बढ़ावा मिलेगा।
गूगल पे इस बार क्रिकेट फैंस को एक खास मौका देने जा रहा है। इसके जरिए दर्शकों को मैच देखने के और करीब लाने के लिए टिकट खरीदने का पहला मौका दिया जाएगा। टिकट बिक्री की शुरुआत गुरुवार 4 सितंबर को शाम 7 बजे (IST) से होगी।
सबसे पहले गूगल पे उपयोगकर्ताओं के लिए चार दिन की एक्सक्लूसिव प्री-सेल विंडो खुलेगी। जो सोमवार, 8 सितंबर शाम 7 बजे (IST) तक चलेगी। इस दौरान गूगल पे यूजर्स वेबसाइट Tickets.cricketworldcup.com पर जाकर टिकट खरीद सकेंगे और स्टेडियम महिला खिलाड़ियों को हौसला बढ़ाने में हिस्सा बनेंगे।
गुवाहाटी में होने वाला उद्घाटन समारोह क्रिकेट, सशक्तिकरण और संगीत का एक रंगारंग और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्सव होगा। मशहूर गायिका श्रेया घोषाल की प्रस्तुति, थीम पर आधारित विजुअल्स और ग्राउंड एक्टिवेशन के साथ, महिला क्रिकेट के इस महीने भर चलने वाले जश्न की शानदार शुरुआत करेगी।
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 एक खास मौका है, क्योंकि यह टूर्नामेंट 12 साल बाद फिर से भारत में लौट रहा है। यह आयोजन ऐसे समय पर हो रहा है जब महिला क्रिकेट को पहले से कहीं ज़्यादा लोकप्रियता और समर्थन मिल रहा है। हाल के समय में महिला क्रिकेट ने रिकॉर्ड तोड़ दर्शक संख्या और वैश्विक निवेश में भारी बढ़ोतरी देखी है, जिससे यह टूर्नामेंट और भी खास बन गया है।