Yavatmal Women Molestation Case: यवतमाल जिले के माहला गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महिलाओं की सुरक्षा को ताक पर रखते हुए छेड़खानी और अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम दिया गया है। इस शर्मनाक घटना का मुख्य आरोपी 45 वर्षीय सुधाकर माधव कांबले बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिटरगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नए दंडात्मक कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सुधाकर कांबले मूल रूप से उमरखेड तहसील के खरुस गांव का निवासी है। उस पर आरोप है कि उसने माहला गांव में न केवल छेड़खानी की, बल्कि अन्य कई गंभीर आपराधिक कृत्य भी किए है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, माहला गांव में हुई छेड़खानी की घटना के बाद से ही आरोपी सुधाकर माधव कांबले फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे बिटरगांव पुलिस के लिए उसे पकड़ना एक चुनौती बन गया था। पुलिस की टीमें पिछले कई दिनों से संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं।
ये भी पढ़ें:जुन्नर में मातम: खेत के गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, बल्लालवाड़ी इलाके में पसरा सन्नाटा
जांच के दौरान बिटरगांव पुलिस के हाथ एक गोपनीय सुराग लगा, जिसने आरोपी की किस्मत का फैसला कर दिया। आरोपी नांदेड़ जिले के हिमायतनगर क्षेत्र में छिपा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानेदार पांडुरंग शिंदे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया। इस सफल ऑपरेशन में पीएसआई अन्नमावर, रवी गीते, राजू बेलेवार और प्रवीण जाधव ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस की इस मुस्तैदी से अब अपराधी सलाखों के पीछे है।