4000 Citizens Cleanliness Campaign: सेवा संकल्प अभियान के तहत मीरा- भाईंदर मनपा ने गुरुवार को ‘प्लॉग रन 2026’ का आयोजन किया। ‘एक दिन, एक घंटा, साथ मिलकर’ की अवधारणा पर वार्ड समिति 1 से 6 के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान में करीब 3,500 से 4,000 नागरिकों ने भाग लिया।
महापौर डिंपल विनोद मेहता और उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल की उपस्थिति तथा मनपा आयुक्त राधाविनोद ए. शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित प्लॉग रन में मनपा अधिकारी-कर्मचारी, सफाईकर्मी, स्कूली छात्र, युवा, सामाजिक व धर्मार्थ संगठनों के प्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने पैदल चलते और दौड़ते हुए सड़कों व सार्वजनिक स्थानों से प्लास्टिक, कागज और अन्य कचरा एकत्र किया।
महापौर डिंपल विनोद मेहता ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल मनपा प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे का उचित पृथक्करण करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की।
साथ ही प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने पर जोर दिया। उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल ने कहा कि प्लॉग रन जैसी सामुदायिक गतिविधियों से नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने ऐसे अभियानों में अधिक से अधिक नागरिकों से सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण ब्रांड एंबेसडर तृषा थोसर भी मौजूद रहीं।
स्कूली छात्रों ने गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर जनजागरूकता नाटक प्रस्तुत किया। ठाणे मनपा प्रशासन ने कहा कि ‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ नागरिक भागीदारी बढ़ाने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐसी गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।
प्लॉग रन 2026 के आयोजन में ठाणे मनपा के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उपायुक्त डॉ. सचिन बंगर, कविता बोरकर, प्रणाली घोंगे और स्वप्निल सावंत सहित वार्ड समितियों के अध्यक्ष और पार्षदों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके अलावा स्वच्छता निरीक्षक, सफाईकर्मी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। अधिकारियों और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से कार्यक्रम में स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया।