

Captain Smit Machhar Native Place: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई- दुबाई की फ्लाइट में सह- पायलट के खौफनाक हमले के बावजूद अपनी सूझबूझ और साहस से 174 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार आज दुनिया भर में हीरो बन चुके हैं।
उनकी इस असाधारण मिसाल के बाद अब देश के भीतर उनके क्षेत्रीय जुड़ाव को लेकर एक दिलचस्प बहस छिड़ गई है। कोई उन्हें महाराष्ट्र का लाल बता रहा है, तो कोई उन्हें गुजरात का सपूत।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित मच्छार के शौर्य की सराहना करते हुए घोषणा की है कि राज्य सरकार उन्हें अपने प्रतिष्ठित सम्मान विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार से सम्मानित करेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार ने उनके लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार का भी ऐलान किया है। सीएम पटेल ने लिखा कि गुजराती मूल के कैप्टन मच्छार ने अपनी बहादुरी से गुजरात और देश का गौरव बढ़ाया है।
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्मित मच्छार को मुंबई का सपूत करार दिया है। फडणवीस ने कहा कि मुंबई के बेटे कैप्टन स्मित ने जिस अदम्य वीरता का परिचय दिया, उससे पूरे महाराष्ट्र और देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
क्षेत्रीय दावों के बीच सवाल उठता है कि आखिर स्मित मच्छार का मूल संबंध कहां से है? उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो कैप्टन स्मित मूल रूप से एक गुजराती परिवार से आते हैं। उनका परिवार गुजरात के राजकोट जिले से ताल्लुक रखता है, जिनका मुख्य पारिवारिक व्यवसाय कपड़ा व्यापार का रहा है।
हालांकि, उनका परिवार वर्षों पहले गुजरात से महाराष्ट्र के मुंबई शहर आकर बस गया था। स्मित का बचपन मुंबई के घाटकोपर इलाके में बीता। उनकी स्कूली और उच्च शिक्षा मुंबई में ही हुई, जहां उन्होंने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से पढ़ाई की। 19 साल की उम्र में एक एविएशन सेमिनार से प्रेरित होकर उन्होंने न्यूजीलैंड से फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्पाइसजेट के साथ मुंबई से ही अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की।
साफ है कि स्मित मच्छार की पारिवारिक जड़ें गुजरात से जुड़ी हैं, जबकि उनकी परवरिश, शिक्षा और करियर का निर्माण मुंबई की मिट्टी में हुआ। हालांकि, इस बहस में पड़ने के अलावा कि वे गुजरात के बेटे हैं या महाराष्ट्र राज्य के, यह कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है कि वे भारत के बेटे हैं जिन्होंने अपने शौर्य से पूरे देश का नाम दुनिया में रोशन कर दिया।