MD Drugs Seized in Mumbra: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ठाणे जोन-1 पुलिस ने मुंब्रा इलाके में छापेमारी करते हुए एक नाइजीरियाई नागरिक समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लगभग 1.5 करोड़ रुपये कीमत की प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
मामले की जानकारी देते हुए ठाणे ज़ोन-1 के पुलिस उपायुक्त (DCP) बालासाहेब पाटिल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंब्रा के सम्राट नगर इलाके में कुछ विदेशी नागरिक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं और वहां रह रहे हैं।
इस इनपुट के आधार पर डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्धों के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।
पुलिस पूछताछ और शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों में से तीन लोग तंजानिया के नागरिक हैं और एक आरोपी नाइजीरिया का रहने वाला है। पुलिस अब इन सभी विदेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश, उनके वीजा की वैधता, पासपोर्ट की जानकारी और यहां रहने के असली कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
इसके साथ ही, ठाणे पुलिस यह भी खंगाला जा रहा है कि क्या इनके खिलाफ देश के किसी अन्य हिस्से में पहले से कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं।
DCP बालासाहेब पाटिल ने बताया कि सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 5 नवंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
डीसीपी बालासाहेब पाटिल ने यह भी संकेत दिए हैं कि ठाणे पुलिस इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि क्या यह मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट से जुड़ा हुआ है। यह नेटवर्क मुंबई और ठाणे के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में किसे ड्रग्स सप्लाई कर रहा था, पुलिस इसका पूरा डेटाबेस खंगाल रही है। इस खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस और एंटी-नारकोटिक्स सेल मिलकर इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है।