RRB ALP 11127 Posts: सार्वजनिक क्षेत्र में देश के सबसे बड़े नौकरी प्रदाता रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) की भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है।
रेलवे में 11,127 ALP पदों पर भर्ती के लिए फर्स्ट स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT-I) का आयोजन 3 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों के पास परीक्षा की तैयारी के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है।
उम्मीदवारों को सलाह है कि वे परीक्षा की तारीख को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दें। खासकर गणित, मेंटल एबिलिटी और जनरल साइंस के महत्वपूर्ण टॉपिक्स का नियमित रिवीजन करें।
रेलवे असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती की चयन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। इसमें सबसे पहले CBT-I, इसके बाद CBT-II, फिर कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) और अंत में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एवं मेडिकल एग्जामिनेशन शामिल हैं।
CBT-I में कुल 75 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा में 1/3 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा आयोजित होने के कारण स्कोर के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू की जाएगी। परीक्षा में मुख्य रूप से तीन विषयों से सवाल होंगे।
गणित में नंबर सिस्टम, BODMAS, दशमलव, भिन्न, LCM-HCF, अनुपात-समानुपात, प्रतिशत, क्षेत्रमिति, समय-कार्य, समय-दूरी, ब्याज, लाभ-हानि, बीजगणित, ज्यामिति और त्रिकोणमिति जैसे टॉपिक शामिल हैं।
मेंटल एबिलिटी में सादृश्य, संख्या एवं अक्षर श्रृंखला, कोडिंग-डिकोडिंग, संबंध, वेन डायग्राम, डेटा इंटरप्रिटेशन, विश्लेषणात्मक तर्क, वर्गीकरण और दिशा ज्ञान से प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं जनरल साइंस में 10वीं कक्षा स्तर के फिजिक्स, केमिस्ट्री और लाइफ साइंस से सवाल आएंगे।
RRB परीक्षा से करीब 10 दिन पहले एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी की जाएगी। इसके साथ पात्र SC/ST अभ्यर्थियों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी स्लिप भी उपलब्ध होगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड साथ ले जाना जरूरी होगा।