

ट्रेन संख्या 09071 उधना से 10 और 11 नवंबर को दोपहर 1 बजे रवाना होगी।
तीसरे दिन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी।
वापसी ट्रेन संख्या 09072 जयनगर से 8, 12 और 13 नवंबर को चलेगी।
Special Train For Diwali And Chhath: दिवाली और छठ पर्व को देखते हुए यूपी और बिहार की तरफ जाने यात्रियों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है। मुंबई, पुणे, उधना, सूरत आदि शहरों से रेगुलर के अलावा बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें छोड़ी जा रहीं हैं, इसके बावजूद यात्रियों की भारी भीड़ है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। कई ट्रेनों में वेटिंग तक रिग्रेट हो गया है।
नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए रेलवे को लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में पश्चिम रेलवे ने गुजरात के उधना से बिहार के जयनगर के बीच विशेष किराये पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन से यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
ट्रेन संख्या 09071 उधना-जयनगर अनारक्षित स्पेशल 10 और 11 नवंबर को उधना से दोपहर 1 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09072 जयनगर-उधना अनारक्षित स्पेशल 8, 12 और 13 नवंबर 2026 को जयनगर से सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन रात 2:30 बजे उधना पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 27 स्टेशनों पर रुकेगी। इसके प्रमुख ठहराव चलथान, बारडोली, व्यारा, नंदुरबार, अमलनेर, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी स्टेशन होंगे।
पश्चिम रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित श्रेणी की होगी और इसमें द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे लगाए जाएंगे। यानी यात्रियों को इस ट्रेन में आरक्षित सीट की बुकिंग कराने की जरूरत नहीं होगी। विशेष किराये पर संचालित होने वाली इस ट्रेन से अचानक यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिल सकती है।
त्योहारी सीजन में गुजरात और महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश तथा बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण रेलवे के सामने अतिरिक्त यात्री भार को संभालने की चुनौती है। ऐसे में उधना के साथ साथ मुंबई के कुर्ला और बांद्रा टर्मिनस से भी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग हो रही है।
यात्री सेवा सुविधा संगठन के अध्यक्ष पारसनाथ तिवारी ने कहा कि दिवाली और छठ पूजा के साथ इसी महीने में यूपी बिहार में शादी ब्याह का भी मुहुर्त है, इसके चलते लाखों लोग अपने गांव घर जा रहे हैं। तिवारी ने कहा कि मध्य व पश्चिम रेलवे को अतिरिक्त आरक्षित स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था करनी चाहिए। भीड़ वाले रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन यात्रियों के लिए राहत भरा कदम हो सकता है।