पुणे में 1400mm पानी की पाइपलाइन फटी सोर्स: सोशल मीडिया
पुणे

पुणे में फिर फूटी मुख्य जलवाहिनी, लाखों लीटर पानी बर्बाद; मरम्मत के लिए मनपा ने बंद की पंपिंग

Pune Water Pipeline Burst: पुणे के शिवसृष्टि में 1,400 मिमी की मुख्य जलवाहिनी क्षतिग्रस्त होने से लाखों लीटर पानी बर्बाद हुआ। मनपा ने पंपिंग बंद कर मरम्मत शुरू की।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • पुणे के शिवसृष्टि में 1,400 मिमी की मुख्य जलवाहिनी क्षतिग्रस्त।

  • पंपिंग बंद होने से पहले छह मिनट तक पानी बहता रहा।

  • 23 किमी लंबी पाइपलाइन में करीब 3,000 वेल्डिंग जोड़, गुणवत्ता पर सवाल।

Pune 1400mm Water Pipeline Burst: पुणे के शिवसृष्टि परिसर में रविवार दोपहर वडगांव जलशुद्धीकरण केंद्र से महंमदवाड़ी को पानी पहुंचाने वाली 1,400 मिमी व्यास की मुख्य जलवाहिनी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे लाखों लीटर पानी सड़क और आसपास के निचले क्षेत्र में फैल गया। मनपा ने दोपहर 2.06 बजे पंपिंग बंद कर दी। खबर लिखे जाने तक मरम्मत जारी थी और सोमवार सुबह तक काम पूरा होने की उम्मीद जताई गई थी।

शिवसृष्टि में मुख्य जलवाहिनी क्षतिग्रस्त

पुणे शहर में जलसंकट और साप्ताहिक पानी कटौती के बीच मुख्य जलवाहिनी क्षतिग्रस्त होने से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया। शिवसृष्टि परिसर में ऐश्वर्या बैंक्वेट हॉल के पास रविवार दोपहर वडगांव जलशुद्धीकरण केंद्र से महंमदवाड़ी को पानी पहुंचाने वाली 1,400 मिमी व्यास की मुख्य जलवाहिनी फूट गई। पानी सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैलने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही महानगरपालिका के संबंधित विभाग ने कार्रवाई शुरू की। दोपहर 2 बजकर 6 मिनट पर पंपिंग बंद कर दी गई। जलवाहिनी क्षतिग्रस्त होने और पंपिंग बंद करने के बीच करीब छह मिनट तक पानी बहता रहा। इस दौरान बड़ी मात्रा में पानी आसपास के इलाकों में जमा हो गया।

सोमवार सुबह तक मरम्मत की उम्मीद

मनपा के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, जिस स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई, वह निचला क्षेत्र है। इस वजह से वहां जलवाहिनी में पानी का दबाव अधिक रहता है। खबर लिखे जाने तक मरम्मत का काम जारी था। प्रशासन को उम्मीद थी कि सोमवार सुबह तक मरम्मत पूरी कर जलापूर्ति व्यवस्था बहाल की जा सकेगी।

23 किमी लंबी पाइपलाइन में 3,000 जोड़

यह मुख्य जलवाहिनी करीब 23 किलोमीटर लंबी है और इसमें लगभग 3,000 वेल्डिंग जोड़ हैं। निर्माण के दौरान अधिकांश हिस्सों में हाइड्रोस्टैटिक यानी जलदाब परीक्षण किया गया था। जिन स्थानों पर यह परीक्षण संभव नहीं था, वहां वेल्डिंग जोड़ों की अल्ट्रासोनिक (UT) जांच की गई थी।

इसके बावजूद पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता और नियमित निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि पाइपलाइन बिछाते समय सड़क के नीचे पहले से पानी की लाइन, बिजली केबल और सीवर लाइन मौजूद थीं। सड़क की चौड़ाई भी सीमित थी। ऐसे में काम के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलने से वेल्डिंग जोड़ों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

भानगिरे ने उठाए रखरखाव पर सवाल

शिवसेना के पुणे शहर प्रमुख प्रमोद नाना भानगिरे ने घटना को लेकर मनपा प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक ओर पुणेकरों को पानी बचाने की सलाह दी जा रही है और हर गुरुवार को जलापूर्ति बंद रखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्य जलवाहिनियां क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है।

भानगिरे ने मनपा आयुक्त से शहर की पुरानी और बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाली जलवाहिनियों का तकनीकी सर्वेक्षण कराने, नियमित रखरखाव और निगरानी मजबूत करने तथा पानी की बर्बादी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

कौन है एशिया का बॉस? भारत-चीन के बीच कम हुआ पावर गैप, आर्थिक चुनौतियों के बावजूद PM मोदी का दमदार प्रदर्शन

2002 गोधरा कांड में अब तक कितने दोषियों को मिली सुप्रीम कोर्ट से जमानत? जानें 2011 से अब तक की पूरी टाइमलाइन

Ayodhya Janakpur Train: नेपाल के लिए दूसरी ट्रेन बनी सरयू कमला एक्सप्रेस, जानें रूट, टिकट नियम, जरूरी दस्तावेज

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी पर तूफान का साया, बारिश और कीचड़ में डूबा पंडाल, VVIP मेहमानों का हवाई सफर रद्द

ध्रुव राठी को कोर्ट से झटका, तीसरी बार वारंट जारी; अब भारत आए तो मुश्किल में फंस जाएंगे Dhruv Rathee