

अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई पहली ट्रेन
प्रधानमंत्री मोदी और नेपाली पीएम बालेन शाह ने किया शुभारंभ
चार दिन का सफर अब महज 19 घंटे में होगा पूरा
बिहार के जयनगर स्टेशन पर होगी यात्रियों के दस्तावेजों की जांच
ट्रेन में सिर्फ कन्फर्म टिकट पर ही मिल सकेगी यात्रा की अनुमति
Ayodhya to Janakpur Dham Train: भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर 'सरयू कमला एक्सप्रेस' को रवाना किया। लेकिन बहुत कम लोग जानते होंगे कि इससे पहले भी भारत से एक और ट्रेन नेपाल के लिए जाती है। यह ट्रेन नियमित जाती है।
आपको बता दें कि यह भारत से नेपाल जाने वाली दूसरी ट्रेन है, इससे पहले बिहार के जयनगर से कुर्था के बीच DMU ट्रेन पहले से ही चल रही है। उद्घाटन के पहले दिन 04295 नंबर की इस सरयू कमला एक्सप्रेस में कुल 1158 यात्री सवार हुए। आम यात्रियों के लिए इसका नियमित संचालन 28 नवंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
वाल्मीकि रामायण के अनुसार, जब राजा दशरथ भगवान राम की बारात लेकर मिथिला के जनकपुर पहुंचे थे, तब उन्हें इस यात्रा में 4 दिन का समय लगा था। अब आधुनिक रेल संपर्क के जरिए यही ऐतिहासिक और धार्मिक सफर महज 19 घंटे में पूरा हो जाएगा। साप्ताहिक रूप से चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस (15595/15596) जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए हर शनिवार को चलेगी, जबकि अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए यह हर सोमवार को रवाना होगी।
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ते हुए नेपाल पहुंचेगी। इसके तय रूट में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर सहित कुल 10 स्टेशन शामिल हैं।
बिहार के जयनगर स्टेशन से यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल में प्रवेश करेगी और जयनगर-कुर्था-बिजलपुरा रेल मार्ग के जरिए जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस नई सेवा से मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास रहने वाले लोगों को भी आवागमन का एक बेहतरीन विकल्प मिल गया है।
चूंकि यह ट्रेन भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार करेगी, इसलिए सुरक्षा नियमों के तहत बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी। इसी जांच प्रक्रिया के कारण ट्रेन को जयनगर में लंबा ठहराव दिया गया है।
जनकपुर से अयोध्या आते समय यहां एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाते समय दो घंटे का स्टॉपेज रहेगा। यात्रियों के लिए सफर के दौरान अपने वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा।
भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे द्वारा अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे। इन चार्ट में यात्री की नागरिकता और पहचान पत्र से जुड़ी जानकारी दर्ज होगी, जिसे जांच के लिए सुरक्षा अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
खास बात यह है कि इस ट्रेन में RAC और वेटिंग टिकट की कोई सुविधा नहीं रखी गई है, यानी यात्री सिर्फ कन्फर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। इसके अलावा, इसमें वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए भी किसी अलग कोटे की व्यवस्था नहीं होगी।
जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए गए हैं। इनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं। एसी श्रेणी के तहत थर्ड एसी के 6 और सेकेंड एसी के 2 कोच उपलब्ध रहेंगे, जबकि बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री सुविधाओं के लिए होंगे। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोई कोच नहीं जोड़ा गया है।
इस ट्रेन के चलने से नेपाल के मधेश प्रदेश के धनुषा जिले में स्थित जनकपुर धाम का प्रसिद्ध जानकी मंदिर, नौलखा मंदिर और विवाह मंडप जैसी जगहें अब भारतीय श्रद्धालुओं की पहुंच में होंगी और वहां पर आने जाने का रास्ता और भी आसान हो जाएगा।