Pimpri Chinchwad Infrastructure Metro Rail: पिंपरी-चिंचवड़, मनपा की स्थायी समिति ने महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (महामेट्रो) को पिंपरी से निगडी मेट्रो रुट विस्तार के लिए अपने हिस्से के 50 करोड़ रुपये का फंड देने को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के तहत निगडी के तिलक चौक में चौथे अतिरिक्त मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे पहले, मेट्रो
निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुई सर्विस रोड की मरम्मत नहीं होने की वजह से समिति ने इस फंड को रोके रखा था। अब महामेट्रो द्वारा मरम्मत कार्य शुरू करने और आगामी पालकी यात्रा से पहले इसे पूरा करने का आश्वासन दिए जाने के बाद समिति के अध्यक्ष अभिषेक बारणे की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह राशि जारी करने का निर्णय लिया गया है।
इस बैठक में मनपा के कई अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों और खचों को भी हरी झंडी दिखाई गई। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ई क्षेत्रीय कार्यालय के तहत दिघी, बोपखेल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। साथ ही दापोडी पंपिंग स्टेशन से दापोडी एसटी कार्यशाला तक नई राइजिंग मेन ड्रेनेज लाइन बिछाई जाएगी।
पानी की किल्लत को दूर करने के लिए मामुर्डी के साईनगर स्थित पानी की टंकी के जलक्षेत्र में आने वाले नए विकसित इलाकों में नई पानी पाइपलाइन बिछाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, पुनावले में बनने वाले नए अग्निशमन केंद्र के निर्माण के लिए अतिरिक्त 13 करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक के खर्च को स्वीकृति दी गई है।
समिति ने कुछ मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए नीतियां बदलने का निर्णय लिया है। मनपा पिंपरी-चिंचवड़ के खेल विभाग की व्यायामशालाओं को निजी संस्थाओं को किराए पर देने और साथ में दो हजार रुपये का मासिक अनुदान देने की मौजूदा व्यवस्था को अतार्किक मानते हुए, इस पर नई और स्पष्ट नीति बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- PMRDA के तहसील कार्यालयों की बदहाली उजागर, न सुविधाएं न अधिकारी; नागरिकों को मुख्यालय के लगाने पड़ रहे चक्कर
इसी वजह से व्यायामशालाओं से जुड़े तीन प्रस्तावों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर, निगडी स्थित प्रसिद्ध 'अप्पू घर' और वॉटर पार्क के संचालन का अनुबंध बढ़ाए जाने के प्रस्ताव को भी 3 सप्ताह के लिए टाल दिया गया है।
स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में, यशवंतराव चव्हाण स्मृति अस्पताल के 14 स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों की राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से वार्षिक मान्यता के लिए आवश्यक शुल्क भुगतान को मंजूरी दी गई है। साथ ही मनपा भवन की मरम्मत, सभागृह के नवीनीकरण और अर्बन स्ट्रीट डिजाइन के तहत बनी सड़कों के रखरखाव पर भी काम होगा।