

Highlights:
INS Betwa भारतीय नौसेना का ब्रह्मपुत्र क्लास का गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट है।
INS Betwa 2004 से समुद्री सुरक्षा में तैनात है।
युद्धपोत में एंटी-शिप मिसाइल, बराक एयर डिफेंस सिस्टम, 76 मिमी गन और पनडुब्बी रोधी हथियार मौजूद हैं।
इसके पुराने स्टीम आधारित प्रोपल्शन सिस्टम को हटाकर डीजल इंजन आधारित सिस्टम लगाया जाएगा।
साथ ही कॉम्बैट सिस्टम और हथियारों का आधुनिकीकरण होगा।
INS Betwa Weapons System-Engine Upgrade: रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के युद्धपोत 'INS बेतवा' की मरम्मत, आधुनिकीकरण और री-पावरिंग यानी इंजन और पावर सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) के साथ 498.58 करोड़ रुपये का एक बड़ा कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। यह ऑफिशियल कॉन्ट्रैक्ट 11 नवंबर को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षरित किया गया।
इस अनुबंध के तहत, भारतीय नौसेना के ब्रह्मपुत्र-श्रेणी के युद्धपोत 'INS बेतवा' के प्रोपल्शन सिस्टम में बड़ा बदलाव किया जाएगा। इसके मौजूदा स्टीम-आधारित प्रोपल्शन सिस्टम को हटाकर डीजल-इंजन आधारित सिस्टम लगाया जाएगा। इस मरम्मत कार्य में आधुनिक हथियारों को शामिल करके जहाज की युद्ध-क्षमता को भी अपग्रेड किया जाएगा, जिससे जहाज की कार्यक्षमता और बेहतर हो सकेगी।
INS बेतवा एक महत्वपूर्ण 'गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट' मिसाइल से लैस युद्धपोत है, जो लगभग 22 सालों से भारतीय नौसेना की सेवा कर रहा है। INS बेतवा को कोलकाता में 'गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स' (GRSE) द्वारा बनाया गया था।
इसका नाम मध्य भारत की 'बेतवा नदी' के नाम पर रखा गया है। यह 7 जुलाई 2004 को सक्रिय सेवा में शामिल हुआ। यह 'ब्रह्मपुत्र-क्लास' के गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट्स का हिस्सा है, जिसमें इसके अन्य युद्धपोत 'INS ब्रह्मपुत्र' और 'INS ब्यास' भी शामिल हैं।
यह युद्धपोत लगभग 125 मीटर लंबा है, इसका वजन लगभग 3,600 टन है, और यह 30 नॉट लगभग 55 किमी/घंटा से अधिक की गति से चल सकता है। इस युद्धपोत को लंबी दूरी के समुद्री अभियानों के लिए डिजाइन किया गया है। इसके कार्यों में समुद्री सीमाओं की सुरक्षा करना, दुश्मन के युद्धपोतों पर हमला करना, हवाई सुरक्षा (एयर डिफेंस) प्रदान करना और एंटी-सबमरीन अभियान चलाना शामिल है।
INS बेतवा एक 'मल्टी-रोल कॉम्बैट प्लेटफॉर्म' है जो कि कई तरह की भूमिका निभाने में सक्षम युद्धपोत है। ये विशेष हथियारों से लैस होता है।
एंटी-शिप मिसाइलें: दुश्मन के नौसैनिक जहाजों को निशाना बनाने के लिए इसमें 16 'Kh-35 उरान' (Kh-35 Uran) सतह-से-सतह पर मार करने वाली मिसाइलें लगी हैं।
एयर डिफेंस सिस्टम: दुश्मन के विमानों या हवाई हमलों से बचाव के लिए इसमें 'बराक' (Barak) मिसाइल सिस्टम लगा है।
बंदूकें: इसमें एक 76 मिमी की मुख्य बंदूक और 30 मिमी का 'AK-630 क्लोज-इन वेपन सिस्टम' लगा है, जो बहुत करीब आने वाले खतरों को नष्ट करने के काम आता है।
पनडुब्बी का पता लगाना: दुश्मन की पनडुब्बियों को खोजने और उन पर हमला करने के लिए टॉरपीडो ट्यूब और पानी के नीचे काम करने वाले सेंसर लगे हैं।
स्टीम इंजन से डीजल इंजन में बदलाव: सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव युद्धपोत के पुराने स्टीम-आधारित प्रोपल्शन सिस्टम यानी टर्बाइन घुमाने के लिए भाप बनाने वाले बॉयलर को हटाकर, उसकी जगह एक आधुनिक डीजल इंजन सिस्टम लगाना है।
हालांकि, रक्षा मंत्रालय ने अभी तक नए डीजल सिस्टम की सटीक पावर क्षमता, टॉप स्पीड में बदलाव या रेंज में कितनी बढ़ोतरी होगी, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
हथियारों और कॉम्बैट सिस्टम को अपग्रेड करना: समुद्र में मौजूद आधुनिक खतरों से निपटने के लिए युद्धपोत के कॉम्बैट सिस्टम और हथियारों को अपग्रेड किया जाएगा। नए हथियारों के पैकेज में क्या-क्या शामिल होगा, इसकी जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही मिल पाएगी।
INS बेतवा का अपग्रेड प्रोजेक्ट न केवल भारतीय नौसेना (Navy) के लिए फायदेमंद है, बल्कि इससे घरेलू उद्योगों को भी बड़ा बढ़ावा मिलता है। इसमें छोटे व्यवसायों की भागीदारी भी होगी। इस प्रोजेक्ट में 50 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) के शामिल होने की उम्मीद है।
इससे स्थानीय इंजीनियरिंग, मशीनरी और तकनीकी क्षेत्र के कामगारों को रोजगार और कॉन्ट्रैक्ट मिलेंगे। आत्मनिर्भर भारत युद्धपोत के पूरे स्टीम इंजन सिस्टम को बदलने जैसे जटिल काम भारत के भीतर ही उन्नत तकनीकी कौशल विकसित करने में मदद करते हैं। इससे नौसेना के बड़े मरम्मत कार्यों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहने की जरूरत कम हो जाती है।