

Highlights:
तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को देगी 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा।
हर डिलीवरी और ट्रांजैक्शन का 1% हिस्सा 'गिग वर्कर्स बोर्ड' के जरिए सीधे वर्कर्स के बैंक खाते में जाएगा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हैदराबाद में किया इस ऐतिहासिक योजना का शुभारंभ।
Delivery Boys Insurance Telangana: तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। तेलंगाना के हैदराबाद में 'तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम' की शुरुआत के मौके पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 21वीं सदी डेटा की सदी है। पूरे देश में डेटा की चर्चा हो रही है, डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं। गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप, उबर ये सभी डेटा के दम पर चलते हैं। लेकिन भारत में अब तक गिग वर्कर्स को अपना ही डेटा नहीं मिल रहा था।
राहुल गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, "गिग वर्कर्स अपना डेटा देख भी नहीं सकते थे। यह कानून आपको अपने डेटा पर अपना अधिकार देगा। तेलंगाना सरकार आपको यह गारंटी दे रही है कि आप जो काम करते हैं, जो राइड पूरी करते हैं, और उन राइड के लिए आपको जो पैसे मिलते हैं, वे सब आप अपने मोबाइल फोन पर देख सकेंगे।"
'तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम' की शुरुआत के मौके पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "आप तेलंगाना के शहरों में धूप में घूमते हैं, सामान की डिलीवरी करते हैं, लेकिन आपके पास आराम करने के लिए कोई तय जगह नहीं है।
इसलिए, तेलंगाना सरकार ऐसे 'रेस्ट जोन' यानी उनके आराम करने की जगह बनाने जा रही है, जहां वाई-फाई की सुविधा होगी। यहां आप अपना वाहन पार्क कर सकते हैं, आराम कर सकते हैं, बैठ सकते हैं या सो सकते हैं। ऐसी सुविधा हैदराबाद और राज्य के सभी शहरों में मिलेगी।"
'तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम' की शुरुआत के मौके पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "तेलंगाना सरकार आपको 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी दे रही है।
सबसे अहम बात यह है कि हर डिलीवरी के लिए होने वाले हर ट्रांजैक्शन का 1% हिस्सा सीधे आपके बैंक खाते में आएगा। तेलंगाना के हर शहर में कंपनियों को आपको यह देना होगा। यह पैसा पहले 'गिग वर्कर्स बोर्ड' के पास जाएगा और फिर वहां से सीधे गिग वर्कर्स के बैंक खातों में पहुंच जाएगा।"