राजवाड़ी में फ्लाईओवर के पास काम के दौरान मिट्टी और बजरी का ढेर ढहा।
इंदापुर तालुका में 1 मजदूर की मौत और 1 गंभीर रूप से घायल।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने जताया दुख, घटना की विस्तृत जांच के दिए निर्देश।
Pune Solapur Highway Indapur Accident: पुणे जिले इंदापुर तालुका स्थित राजवाड़ी गांव में पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। हाईवे पर फ्लाईओवर के पास जारी निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी और बजरी का एक बड़ा ढेर ढह गया। मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह घटना 30 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 10:00 बजे घटी। मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रिटेनिंग वॉल के निर्माण और मिट्टी भरने का काम चल रहा था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय घटनास्थल पर तीन मजदूर काम में जुटे हुए थे।
अचानक ढलान से मिट्टी और बजरी का भारी ढेर खिसक कर नीचे आ गिरा। खतरे को भांपते हुए एक मजदूर ने फुर्ती दिखाई और एक तरफ कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन बाकी दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय निवासियों, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया और इंदापुर उप-जिला अस्पताल ले जाया गया।
इंदापुर उप-जिला अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल मजदूर की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल मजदूर का इंदापुर उप-जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इंदापुर तालुका के राजवाड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रिटेनिंग वॉल बनाने का काम चल रहा था, तभी मिट्टी का ढेर ढह गया। यह एक अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बचाव कार्य पूरा किया है। उन्होंने घटना पर संज्ञान लेते हुए मामले की गहन व निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं ताकि हादसे के कारणों और सुरक्षा में चूक की जिम्मेदारी तय की जा सके।