अजित पवार के प्लेन क्रैश का दृश्य (सोर्स: सोशल मीडिया) 
पुणे

'अचानक एक तरफ मुड़ा और...', प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया अजित पवार के प्लेन क्रैश का खौफनाक मंजर

Ajit Pawar Plane Accident Story: उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में विमान हादसे में दुखद निधन हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने इस प्लेन हादसे के आखिरी 15 मिनट के खौफनाक मंजर के बारे में बताया।

आकाश मसने

Ajit Pawar Plane Crash Eyewitness: पुणे के बारामती में बुधवार सुबह एक भीषण विमान हादसा हुआ, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की जान चली गई। मुंबई से लौटते समय लैंडिंग के दौरान विमान अपना संतुलन खो बैठा और पास के एक खेत में जाकर क्रैश हो गया, जिससे पूरा राज्य स्तब्ध है।

महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार, 28 जनवरी 2026 को मुंबई में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक पूरी करने के बाद अपने गृह क्षेत्र बारामती लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:00 से 9:15 बजे के बीच उनका निजी विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंड करने की प्रक्रिया में था। इसी दौरान एक तकनीकी खराबी आई और विमान अचानक रनवे से भटक गया। रनवे से फिसलकर विमान पास के ही एक खेत में जा गिरा और जमीन से टकराते ही उसमें एक जोरदार धमाका हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कैसे हुआ प्लेन हादसा?

बारामती प्लेन हादसे के वक्त घटनास्थल के करीब मौजूद एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने इस भयावह मंजर का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि विमान पहले गांव के ऊपर काफी नीचे उड़ रहा था, फिर वह अचानक एक तरफ मुड़ा और सीधे जमीन की ओर चला गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि विमान के छोटे-छोटे टुकड़े पास के घरों तक जा पहुंचे। कुछ ही पलों में पूरा विमान आग की लपटों में घिर गया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। स्थानीय नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि विमान के मलबे के पास जाना भी मुश्किल था।

हादसे में पांच लोगों की दुखद मृत्यु: DGCA की पुष्टि

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने आधिकारिक तौर पर इस दुर्घटना में पांच लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके सुरक्षा रक्षक विदीप जाधव, निजी सहायक (PA) पिंकी माली और दो पायलट कैप्टन सुमित कपूर और कैप्टन शांभवी पाठक शामिल थे। हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस बल और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शवों को विमान के मलबे से बाहर निकाल लिया गया है, और इस वज्रपात से पूरे महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

चुनावी रैलियों से पहले पसरा मातम

अजित पवार आज बारामती में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के मद्देनजर प्रचार के लिए पूरी तरह तैयार थे। उनका व्यस्त कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे निरावागज में पहली जनसभा के साथ शुरू होने वाला था, जिसके बाद वे पणदरे, करंजेपूल और सुपा में सभाएं करने वाले थे। समर्थक और कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन इस अनहोनी ने बारामती और महाराष्ट्र की राजनीति के एक बड़े अध्याय का करुण अंत कर दिया।

प्रशासनिक जांच के आदेश

इस भीषण हादसे की गंभीरता को देखते हुए DGCA ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती जांच के आधार पर माना जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान आई किसी गंभीर तकनीकी खराबी के कारण विमान अनियंत्रित हो गया था। पुलिस और विशेषज्ञों की टीम दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए ब्लैक बॉक्स और विमान के मलबे का बारीकी से विश्लेषण कर रही है। राज्य भर के नेता और आम जनता इस अपूर्णीय क्षति पर गहरा दुख जता रहे हैं।

Explainer: कब-कब विवादों में घिरे धीरेंद्र शास्त्री? 10 बयानों पर हुआ विरोध, कई बार मांगनी पड़ी माफी

Diwali Trains: मुंबई-नागपुर के बीच 12 और स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, 4 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग; जानिए शेड्यूल

राहुल ने PM मोदी को दी खुली चुनौती: बोले- डरिए मत, मंच पर आमने-सामने बैठिए; राजनाथ-समेत 4 नेताओं से की अपील

SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब तो भी भर सकेंगे फॉर्म-6, चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत

दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार वालों को ट्रेनों में मिल सकता है कन्फर्म टिकट, रेलवे चला रहा करीब 2,000 स्पेशल ट्रेनें