लियरजेट 45XR से सफर कर रहे थे अजित पवार, फोटो- सोशल मीडिया 
पुणे

किस कंपनी के प्लेन से सफर कर रहे थे अजित पवार? कई फीचर्स से लैस होने के बाद क्यों हुआ क्रैश

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान हादसे में निधन हो गया है। जिस 'लियरजेट 45XR' विमान में वे सवार थे, वह अपनी रफ्तार और ऊंचाई के लिए जाना जाता था।

प्रतीक पाण्डेय

Ajit Pawar Plane Learjet 45XR Specifications: महाराष्ट्र की राजनीति का एक बड़ा और कद्दावर अध्याय बुधवार सुबह बारामती के खेतों में सदा के लिए शांत हो गया। डिप्टी सीएम अजित पवार का निजी विमान लैंडिंग से महज कुछ किलोमीटर पहले क्रैश होकर जल गया। इस भीषण हादसे में पवार सहित विमान में सवार सभी पांच लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है।

अजित पवार जिस विमान में सवार होकर मुंबई से बारामती के लिए निकले थे, वह Learjet 45XR (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK) था। यह एक हाई-परफॉर्मेंस सुपर-लाइट बिजनेस जेट है, जिसे दुनिया भर में अपनी तेज रफ्तार और ऊंचाई पर उड़ने की क्षमता के लिए पहचाना जाता है। इस विमान का निर्माण बोम्बार्डियर एयरोस्पेस के लियरजेट डिवीजन द्वारा किया गया था।

जानिए क्या है इस विमान की खासियत

तकनीकी विशिष्टताओं की बात करें तो इस विमान का वजन लगभग 9,752 किलोग्राम (करीब 21,500 पाउंड) था और इसके पंखों का फैलाव यानी विंगस्पैन 47 फीट 10 इंच था। यह विमान विशेष रूप से शॉर्ट और मीडियम रूट्स की उड़ानों के लिए मुफीद माना जाता है। दिलचस्प बात यह है कि इस मॉडल को 1990 के दशक में डिजाइन किया गया था और इसमें केबिन के भीतर खड़े होने की जगह नहीं होती है, लेकिन इसकी अधिकतम रफ्तार 858 किमी/घंटा तक हो सकती है।

लैंडिंग के वक्त क्या हुआ? चश्मदीदों की जुबानी

अजित पवार बुधवार सुबह बारामती में चार जनसभाओं को संबोधित करने के लिए जा रहे थे। चश्मदीदों और पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विमान बारामती एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पर उतरने ही वाला था, लेकिन रनवे से करीब 3 किलोमीटर पहले ही वह अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। बारामती के एसपी ग्रामीण संदीप ने बताया कि लैंडिंग के वक्त ही विमान की स्थिति कुछ गड़बड़ लग रही थी। विमान गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस हादसे में किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला। अजित पवार के साथ उनके सुरक्षाकर्मी, अटेंडेंट और दो पायलटों की भी इस दुर्घटना में जान चली गई। उनकी पहचान उनके द्वारा पहने गए कपड़ों और घड़ी से की जा सकी।

VSR वेंचर्स: दिल्ली की वो कंपनी जिसका था यह विमान

हादसे का शिकार हुआ यह चार्टर प्लेन दिल्ली स्थित VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (VSR एविएशन) का था। इस कंपनी के मालिक विजय कुमार सिंह हैं और इसका मुख्यालय नई दिल्ली के महिपालपुर में स्थित है। यह कंपनी भारत की प्रमुख चार्टर विमान ऑपरेटिंग कंपनियों में से एक है, जो एयर एम्बुलेंस और प्राइवेट जेट रेंटल जैसी सेवाएं प्रदान करती है। उनके बेड़े में इस लियरजेट के अलावा Beechcraft Super King Air B200 जैसे अन्य विमान भी शामिल हैं।

राजनीतिक हलचल तेज: जांच की मांग

इस दुखद घटना के बाद जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अजित पवार को एक कुशल प्रशासक और 'जनता का नेता' बताते हुए श्रद्धांजलि दी, वहीं विपक्ष ने इस हादसे की गहराई से जांच की मांग की है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने इस क्रैश पर गहरा दुख जताते हुए इस पूरे मामले की 'उच्च स्तरीय जांच' की मांग उठाई है।

वर्तमान में DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारी विमान के ब्लैक बॉक्स और रिकॉर्डर की तलाश कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यह कोई तकनीकी खराबी थी या लैंडिंग के दौरान कोई मानवीय चूक हुई। इस हादसे ने न केवल पवार परिवार को झकझोर दिया है, बल्कि महाराष्ट्र के राजनीतिक भविष्य पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Explainer: कब-कब विवादों में घिरे धीरेंद्र शास्त्री? 10 बयानों पर हुआ विरोध, कई बार मांगनी पड़ी माफी

Diwali Trains: मुंबई-नागपुर के बीच 12 और स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, 4 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग; जानिए शेड्यूल

राहुल ने PM मोदी को दी खुली चुनौती: बोले- डरिए मत, मंच पर आमने-सामने बैठिए; राजनाथ-समेत 4 नेताओं से की अपील

SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब तो भी भर सकेंगे फॉर्म-6, चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत

दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार वालों को ट्रेनों में मिल सकता है कन्फर्म टिकट, रेलवे चला रहा करीब 2,000 स्पेशल ट्रेनें