Vasai Crime News: महाराष्ट्र के वसई इलाके से आस्था और लाचारी के नाम पर विश्वासघात की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लगातार बीमार चल रहे मासूम बेटे के इलाज के नाम पर एक महिला को झांसा देकर उसका यौन शोषण किया गया। आरोप है कि आरोपी महिला को एक ढोंगी तांत्रिक के पास ले गया और तंत्र-मंत्र के बहाने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।
घटना से आहत पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद अर्नाला कोस्टल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का नाबालिग बेटा लंबे समय से बीमार चल रहा था और वह उसके इलाज के लिए हर संभव प्रयास कर रही थी। इसी बीच आरोपी अजय कमलाकर राउत ने उसे अपनी बातों में फंसाया और दावा किया कि एक जादू-टोना (अंधविश्वास) करने वाला व्यक्ति उसके बेटे को पूरी तरह ठीक कर सकता है।
महिला आरोपी की बातों में आ गई। जिसके बाद आरोपी उसे वसई फोर्ट (वसई किला) परिसर में कथित तांत्रिक के पास ले गया और वहां उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। यही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अर्नाला स्थित एक रिसॉर्ट में भी उसके साथ यौन शोषण किया गया।
ये भी पढ़ें- किसानों को तकलीफ हुई तो चलेगा लेकिन उद्यमियों को बराबर मिलनी चाहिए बिजली, गुलाबराव पाटिल का विवादित बयान
पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद अर्नाला तटीय पुलिस मुख्य आरोपी अजय कमलाकर राउत के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल ढोंगी तांत्रिक की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। तांत्रिक और आरोपी अजय राउत दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें बनाकर छापेमारी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नामजद कथित तांत्रिक का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है।पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने अंधविश्वास और इलाज के नाम पर क्षेत्र की अन्य महिलाओं का भी इसी तरह यौन शोषण किया है या उनसे भारी मात्रा में पैसों की ठगी की है।