Palghar Road Accident News: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ रविवार को मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर शादी की खुशियाँ मातम में तब्दील हो गईं। धानीवरी गाँव के पास बारातियों से भरे एक ईशर टेंपो और एक तेज रफ्तार भारी कंटेनर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
पालघर के पुलिस अधीक्षक (SP) यतिश देशमुख के अनुसार, हादसा गुजरात से मुंबई जाने वाली लेन पर धानीवरी गाँव के पास हुआ। एक ईशर टेंपो, जिसमें करीब 35 से 40 बाराती सवार थे, अपने गाँव की ओर जाने के लिए हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक भारी कंटेनर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन के भीतर ही फंस गए।
ताजा अपडेट के अनुसार, इस दुर्घटना में कुल 13 लोगों की जान जा चुकी है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लाशें बिखर गईं। प्रशासन और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को कासा के वेदांत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुल गंभीर घायलों की संख्या 27 बताई जा रही है। घायलों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचे शिवसेना विधायक राजेंद्र गावित ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रशासन की कमी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, हादसे में 13 लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। मैं लंबे समय से इस क्षेत्र में एक ट्रॉमा केयर सेंटर की मांग कर रहा हूँ। अगर यहाँ आधुनिक ट्रॉमा सेंटर होता, तो समय पर इलाज मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
यह भी पढ़ें: RCC क्लासेस के बोर्ड पर काला पोत कर विरोध, निदेशक मोटेगांवकर की गिरफ्तारी पर AIMIM का उग्र प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि टेंपो में सवार बाराती नाचते गाते शादी समारोह से लौट रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है, जहाँ परिजन अपनों के शवों के पास बिलखते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।