गडचिरोली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो खुंखार नक्सलियों को किया गिरफ्तार

जनवरी 2022 से अब तक कुल 81 नक्सलियों को गिरफ्तार करने में जिला पुलिस को सफलता मिली है। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में एक्शन टीम का कमांडर भामरागड़ तहसील के कवंडे गांव निवासी रवि मुरा पल्लो (33) और भामरागड़ दलम का सदस्य दोबा कोरके वड्डे (31) का समावेश है।
Two dreaded Naxalites arrested in Gadchiroli
गडचिरोली पुलिस ने दो खुंखार नक्सलियों को किया गिरफ्तार।
Updated on

गडचिरोली: पिछले कुछ वर्षों से जिला पुलिस की रणनीति के तहत की गई कार्रवाई के चलते गडचिरोली जिले में नक्सल आंदोलन की कमर टूट गई है। इसी बीच मंगलवार को भामरागड़ तहसील के धोडराज पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल परिसर में पुलिस जवानों ने नक्सल विरोधी अभियान चलाकर दो खूंखार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जिन पर सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम रखा था।

जनवरी 2022 से अब तक कुल 81 नक्सलियों को गिरफ्तार करने में जिला पुलिस को सफलता मिली है। मंगलवार को गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में एक्शन टीम का कमांडर भामरागड़ तहसील के कवंडे गांव निवासी रवि मुरा पल्लो (33) और भामरागड़ दलम का सदस्य दोबा कोरके वड्डे (31) का समावेश है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को भामरागड़ पुलिस उपविभाग के अंतर्गत आने वाले धोडराज पुलिस थाने के जंगल परिसर में सी-60 (विशेष अभियान पथक) के जवानों द्वारा नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच जंगल परिसर में 2 संदिग्ध व्यक्ति जवानों को दिखाई दिए। जवानों ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच करने पर एक नक्सलियों के एक्शन टीम का कमांडर और दूसरा भामरागड़ दलम सदस्य दोबा कोरके वड्डे होने की बात समाने आई। वहीं दोनों का कई हिंसक वारदातों में शामिल होने के चलते गिरफ्तार किया गया।

10 लाख के इनामी थे नक्सली

कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, अपर पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में सी-60 के जवानों ने की है। दोनों नक्सलियों पर सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम रखा था। दो खूंखार नक्सलियों की गिरफ्तारी होने से नक्सल आंदोलन को बड़ा झटका लगा है। वहीं दूसरी ओर जिला पुलिस दल को बड़ी कामयाबी मिलने की बात कही जा रही है।

गावडे की हत्या में थे शामिल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवंबर 2023 में भामरागड़ तहसील के पेनगुंडा गांव में दिनेश गावडे नामक निर्दोष व्यक्ति की नक्सलियों द्वारा हत्या की गई थी। इस हत्याकांड में दोनों गिरफ्तार नक्सली शामिल थे। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है। रवी पल्लो वर्ष 2016 से जनमिलिशिया पद पर भर्ती होकर नक्सलियों के लिए काम कर रहा था। अब तक 6 हिसंक घटनाओं में 1 मुठभेड़, 1 आगजनी, 3 हत्या और एक 1 ब्लास्टिंग में शामिल रहा। 8 लाख रुपए का इनाम रखा गया था। जबकि दोबा वड्डे वर्ष 2008 से जनमिलिशिया सदस्य पद पर शामिल हुआ था। 18 हिंसक मामलों में शामिल रहा। 5 मुठभेड़, 7 हत्या और अन्य 6 अपराधों में शामिल रहा। उस पर 2 लाख रुपए का इनाम था।

Navbharat Live
navbharatlive.com