महाराष्ट्र एटीएस ने नवी मुंबई से यश सिंह को गिरफ्तार किया
मुंबई के चबाड हाउस और यहूदी प्रार्थना स्थलों की रेकी करने का आरोप है
केरल से गिरफ्तार गुरुमूर्ति के जरिए लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा यश सिंह
पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ा यश सिंह
Yash Singh Shahzad Bhatti Link: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क के निशाने पर थी। महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) ने नवी मुंबई से 21 वर्षीय यश सिंह नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। यश ने मुंबई में स्थित इजरायली ठिकानों की रेकी की थी, जिसमें 26/11 के आतंकी हमले में निशाना बनाए गए चवाड हाउस भी शामिल है। यश ने इजरायली नागरिकों के प्रार्थना स्थलों की भी जानकारी जुटाई थी।
महाराष्ट्र एटीएस को संदेह है कि यह रेकी किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है जांच एजेंसियां फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और उसके संपकों का पता लगा रही है। महाराष्ट्र एटीएस ने यश सिंह को केरल की त्रिशूर सिटी पुलिस को सौंप दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यश सिंह को इस काम के लिए तमिलनाडु मूल के गुरुमूर्ति ने भर्ती किया था। गुरुमूर्ति नवी मुंबई में रहता था और उसे हाल ही में केरल के ओट्टापालम से गिरफ्तार किया गया है।
गुरुमूर्ति पर आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के ऑनलाइन हैंडलर्स के इशारे पर फिल्मी सितारों की तस्वीरें खींची थीं और इसके बदले पैसे लिए थे। गुरुमूर्ति ने ही यश सिंह को पैसे का लालच देकर अपने साथ जोड़ा था।
पुलिस अब यश सिंह और गुरुमूर्ति के तार केरल के पुथेनक्रूज निवासी एबिन पॉल (32) से जोड़कर देख रही है। पॉल को पिछले महीने कोच्चि के एर्नाकुलम मार्केट में एक ऐतिहासिक यहूदी उपासना स्थल (सिनेगॉग) के सामने स्थित नर्सरी में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) इस मामले की जांच कर रही है। जांच में पता चला है कि एबिन पॉल भी टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन आकाओं के संपर्क में था और इंटरनेट पर लॉरेंस बिश्नोई के बारे में जानकारी जुटा रहा था।
दूसरी ओर, महाराष्ट्र एटीएस की जांच में यह भी संदेह जताया गया है कि यश सिंह पाकिस्तान में छिपे बैठे 45 वर्षीय लाहौर निवासी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के संपर्क में था। गृह मंत्रालय ने 16 सितंबर 2026 को ही शहजाद भट्टी नेटवर्क को यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित किया है।
शहजाद भट्टी दुबई से अपना नेटवर्क चलाता है और एनक्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए भारत के बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर संवेदनशील ठिकानों की रेकी और ग्रेनेड हमलों के लिए इस्तेमाल करता है।
शहजाद भट्टी 45 वर्ष का है और पाकिस्तान के लाहौर का निवासी है। भट्टी दुबई से अपना नेटवर्क चलाता है। शहजाद भट्टी कभी भारत नहीं आया, लेकिन कई मामलों की जांच में उसका नाम सामने आया है।
जांच में यह खुलासा हुआ है कि भट्टी ने सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं से संपर्क साधा और बेरोजगार तथा आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को पैसों का लालच देकर छोटे-मोटे काम सौंपे। शुरुआत में उन्हें संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो भेजने के लिए कहा जाता था। बाद में, कुछ युवाओं का कथित तौर पर हथियारों और ग्रेनेड हमलों जैसी गतिविधियों में इस्तेमाल किया गया. निर्देश एनक्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए दिए जाते थे।
फिलहाल, केरल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि पैसे भेजने वाले और निर्देश देने वाले असली आकाओं तक पहुंचा जा सके। मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन को देखते हुए जल्द ही इसकी पूरी जांच एनआईए (NIA) अपने हाथ में ले सकती है।