

Vande Bharat Train: ये घटना 24 अक्टूबर की है जब खाली वंदे भारत ट्रेन झारखंट के हटिया रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। लेकिन जैसे ही वो रांची रेलवे स्टेशन पहुंची, पायलट को ब्रेक में कुछ गड़बड़ी दिखाई दी। जिसके बाद उसने इसकी सूचना तुरंत रांची स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों को दी। लेकिन उन्होंने ट्रेन को रोकने के बजाय आगे जाने दिया।
इसके बाद मुरी स्टेशन पर भी ये प्रोब्लम बढ़ती गई। ट्रेन को झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक जाना था। ऐसे में फिर से ब्रेक सही से काम नहीं करने की शिकायत फिर से की गई। कंट्रोलरों ने भी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।
नियम के मुताबिक, वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के ब्रेक सिस्टम से जोड़ना जरूरी था ताकि पूरी ट्रेन का ब्रेक ठीक से काम कर सके। लेकिन इस व्यवस्था में चूक हुई। मुरी जंक्शन पर जब दूसरे लोको पायलट ने कंट्रोलर को ये भी बताया कि BP प्रेशर कम करने पर भी ये ब्रेक नहीं लग रहा तो भी इसको लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद जब वंदे भारत ट्रेन उत्तर प्रदेश के दीन दयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो फिर से लोको पायलट ने मदद मांगी। जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने तिसरी बार शिकायत करने पर मामले की गंभीरता समझी। जांच में पता चला कि सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम अलग कर दिए गए थे। जिस वजह से कोचों में ब्रेक नहीं लग रहा था।
दक्षिण पूर्वी रेलवे के शुरुआती जांच आदेश में कोच और वैगन विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, सेक्शन कंट्रोलरों और ट्रेन चलाए जाने वाले स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठाए गए। आदेश में ये भी कहा गया है कि ट्रेन चलाने वाला स्टाफ वंदे भारत की ब्रेकिंग सिस्टम से पूरी तरह परिचित नहीं था।