Chhath Puja LIVE: आस्था की डुबकी, भक्ति का उजास... उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व

Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए की छठी मैया से कामना।
Chhath Puja
छठ पूजासोर्स-सोशल मीडिया

LIVE: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन

लोकआस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धालुओं ने नदी, तालाबों और विभिन्न स्थानों पर बनाए गए अस्थायी घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के से ही दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित देश के कई राज्यों में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे दउरे लेकर घाटों पर पहुंचे। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

इस अनुष्ठान के साथ ही खरना के बाद शुरू हुआ लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत भी पूरा हुआ। सूर्यदेव को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने पारण किया तथा परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण कर पर्व का समापन किया।

छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, संयम, पवित्रता, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व लोकआस्था और भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ों को दर्शाता है।

LIVE: बीजेपी सांसद रवि किशन गोरखपुर में पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचे

छठ पूजा के अंतिम दिन बीजेपी सांसद रवि किशन गोरखपुर में पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने सिर पर छठ पूजा की सामग्री से भरा दौरा (टोकरी) उठा रखा था।

इस मौके पर रवि किशन ने कहा कि वह गोरखनाथ मंदिर में हैं, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देवी मां की भक्ति में लीन है। उन्होंने सभी की मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की। साथ ही भोजपुरी और हिंदी भाषी समुदाय के लोगों को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

रवि किशन ने कहा कि भारत के साथ-साथ कैलिफोर्निया, अमेरिका, कनाडा, लंदन और यूरोप समेत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जहां भी छठ महापर्व मनाया जा रहा है, वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं को उनकी ओर से ढेरों शुभकामनाएं हैं।

संबंधित खबरें

No stories found.